बदायूं में 'नोएडा' जैसा विकास! गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे बनेगा 741 एकड़ का मेगा इंडस्ट्रियल हब
गंगा एक्सप्रेसवे के संचालन के बाद बदायूं में औद्योगिक विकास को नई गति मिल रही है। दातागंज क्षेत्र में 741 ...और पढ़ें

डहरपुर के टोल पर खड़े कर्मचारी। जागरण
HighLights
गंगा एक्सप्रेसवे के संचालन से जिले के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार
अब औद्योगिक क्षेत्रों को ही विकसित करने पर पूरा ध्यान केंद्रीत कर रही सरकार
अंकित गुप्ता, बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहनों का संचालन शुरू होने के बाद अब सरकार और प्रशासन का पूरा फोकस एक्सप्रेसवे किनारे औद्योगिक क्षेत्रों के विकास पर है। जिले में पहले से प्रस्तावित घटपुरी इंटरचेंज का औद्योगिक क्षेत्र तेजी से आकार ले रहा है, लेकिन अब दातागंज क्षेत्र का डहरपुर औद्योगिक क्षेत्र उससे भी बड़ा और महत्वपूर्ण परियोजना बनकर उभरेगा।
इससे न केवल जिले के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, बल्कि रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे। बता दें कि घटपुरी इंटरचेंज के पास लगभग 269 एकड़ भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। यहां आधारभूत सुविधाओं के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
प्रशासन का मानना है कि इस क्षेत्र के विकसित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और छोटे-बड़े उद्योगों को नई पहचान मिलेगी। इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी। वहीं दूसरी ओर दातागंज तहसील के डहरपुर क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।
यह औद्योगिक क्षेत्र करीब 741 एकड़ भूमि में विकसित किया जाएगा, जो घटपुरी परियोजना से लगभग तीन गुना बड़ा होगा। इसके लिए बिहारीपुर, छछऊ, डहरपुर कलां, कैल्हाई और डोलापुर गांवों की भूमि चिन्हित की गई है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
डहरपुर औद्योगिक क्षेत्र को लेकर आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों और जमीन कारोबारियों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र की घोषणा के बाद से जमीनों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पहले जहां कृषि भूमि सामान्य दरों पर बिक रही थी, वहीं अब निवेशकों और कारोबारियों की रुचि बढ़ने से दाम तेजी से ऊपर जा रहे हैं।
कई लोग भविष्य में यहां बड़े उद्योग, गोदाम और व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थापित होने की संभावना देख रहे हैं। जानकारों के अनुसार गंगा एक्सप्रेसवे और औद्योगिक क्षेत्रों का विकास बदायूं की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा।
इससे जिले की पहचान केवल कृषि क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र के रूप में भी उभर सकता है। आने वाले समय में डहरपुर क्षेत्र बदायूं के विकास की नई तस्वीर पेश करता नजर आएगा।
कंपनियों को लाने का रहेगा प्रयास
दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि डहरपुर इंटरचेंज के पास प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र के लिए जल्द भूमि अधिग्रहण का काम शुरू होगा। पूरा प्रयास रहेगा कि दिल्ली, नोएडा और देश के अलग अलग राज्यों के व्यापारियों, निवेशकों से संपर्क कर यहां इकाइयां स्थापित कराई जाएं। इसके लिए पूर्व से ही प्रयासरत हूं।
यहां औद्योगिक क्षेत्र बनने से बिहारीपुर, छछऊ, डहरपुर कलां, कैल्हाई और डोलापुर गांवों के युवाओं को रोजगार मिलेगा। साथ ही अन्य गांव के लोगों को भी इसका सीधा लाभ होगा।
औद्योगिक क्षेत्र में करेंगे निवेश
जिले के बाबा इंटरनेशनल ग्रुप के निदेशक अनुज वार्ष्णेय ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे कोई सड़क या रास्ता नहीं है। यह जिले के विकास को गति देने वाला एक्सप्रेसवे है। यहां स्थापित हो रहे औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश करने का मन है।
गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक क्षेत्र बनाने के लिए बाबा ग्रुप मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभारी है। यहां निवेश करने के लिए तैयारी कर रहे हैं। जैसे ही यहां पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित होगा। इसके बाद वहां जाकर देखेंगे कि कहां पर फैक्ट्री आदि लगाई जा सकती है।
