भीषण गर्मी में रोडवेज का सफर बना ‘तपता इम्तिहान’, नोएडा डिपो को AC बसों का इंतजार
नॉयडा डिपो में एसी बसों की कमी से भीषण गर्मी में यात्रियों का सफर मुश्किल हो गया है। कुल 188 ...और पढ़ें

भीषण गर्मी में परेशानी का सामना कर रहे यात्री। (AI Generated image)
HighLights
नोएडा डिपो में एसी बसों की भारी कमी।
यात्री भीषण गर्मी में साधारण बसों में सफर को मजबूर।
लखनऊ-आगरा डिपो की सीमित एसी बसों पर निर्भरता।
जागरण, संवाददाता नोेएडा। बढ़ती गर्मी के साथ रोडवेज बसों में सफर करना यात्रियों के लिए किसी इम्तिहान से कम नहीं रह गया है। तेज धूप और उमस भरे मौसम में जहां लोग राहत की उम्मीद करते हैं, वहीं नोएडा डिपो में एसी बसों की कमी यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा रही है।
हालात यह हैं कि यात्रियों को मजबूरी में साधारण बसों में ही लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे खासकर दोपहर के समय सफर बेहद कष्टदायक हो जाता है।
परेशान हो रहे यात्री
नोएडा डिपो के पास कुल 188 साधारण बसें हैं, लेकिन इनमें एक भी एसी बस शामिल नहीं है। ऐसे में आगरा, मेरठ, लखनऊ, हापुड़, बदायूं और फिरोजाबाद जैसे प्रमुख रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सुबह और शाम के समय किसी तरह यात्रा पूरी हो जाती है, लेकिन दोपहर में बसों के भीतर गर्म हवा और भीड़ के कारण स्थिति और भी विकट हो जाती है।
यात्रियों का कहना है कि बसों में न तो पर्याप्त वेंटिलेशन है और न ही भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था, जिससे सफर के दौरान घुटन और बेचैनी बढ़ जाती है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है, जिससे यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
लखनऊ और आगरा की बसों पर निर्भर
हालांकि, शहरवासियों की ओर से लंबे समय से एसी बसों की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वर्तमान में नोएडा डिपो को लखनऊ और आगरा डिपो से आने वाली एसी बसों पर ही निर्भर रहना पड़ता है, जो सीमित संख्या में ही उपलब्ध हैं।
बाकी रूटों पर यात्रियों को साधारण बसों से ही काम चलाना पड़ता है।
यात्रियों का मानना है कि यदि जल्द ही एसी बसों को डिपो के बेड़े में शामिल नहीं किया गया, तो गर्मी के चरम पर हालात और भी बदतर हो सकते हैं। ऐसे में प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।
