नोएडा के बिल्डरों ने 300 करोड़ के IFMS फंड पर जमाई कुंडली, फ्लैट खरीदार परेशान
नोएडा में 60 से अधिक परियोजनाओं में बिल्डरों ने 45 हजार खरीदारों के 300 करोड़ रुपये से अधिक के IFMS फंड को अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) को हस्तांतरित नहीं किया है।

सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI Generated
HighLights
बिल्डरों ने 300 करोड़ IFMS फंड AOA को नहीं सौंपे।
60 से अधिक परियोजनाओं के 45 हजार खरीदार प्रभावित।
सोसायटियों में रखरखाव व बुनियादी सुविधाओं का अभाव।
प्रवेंद्र सिंह सिकरवार, नोएडा। ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं में लोगों ने घर खरीदा। कब्जा देते समय बिल्डर ने सभी से आईएफएमएस (इंटरेस्ट फ्री मेंटेनेंस सिक्योरिटी) फंड भारी भरकम रकम के रूप में लिया। वर्तमान में 60 से अधिक बिल्डर परियोजनाओं में 45 हजार खरीदारों के 300 करोड़ से अधिक की रकम बिल्डर के खातों में फंसी हुई है।
बिल्डर ने सोसायटी एओए (अपार्टमेंट आनर्स एसोसिएशन) को सोसायटी हैंडओवर करने के बाद आईएफएमएस की रकम हस्तांतरित नहीं की। दर्जनों एओए बिल्डर से एओए फंड लेने के लिए कानूनी और प्राधिकरण में लड़ाई लड़ रहीं हैं। बता दें सोसायटी में बड़ी कमी या संरचनात्मक ढांचे के सुधार में बड़ी रकम खर्च होती है।
मुश्किलों से भरी निवासियों की जिंदगी
आईएफएमएस फंड इन्हीं सुविधाओं में सुधार के लिए खर्च किया जाता है। नोएडा की करीब 60 सोसायटियां आईएफएमएस फंड की कमी से बड़ी सुविधाओं में सुधार नहीं कर पा रहीं हैं। कई सोसायटियों में बिल्डर ने हैंडओवर के बाद फंड हस्तांतरित के लिए समझौता ज्ञापन दिया। लेकिन, बिल्डर की ओर से समय पर तय समय पर फंड हस्तांतरित नहीं किया।
सोसायटियां बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जर्जर हो रहीं हैं और निवासियों की जिंदगी मुश्किलों से भरी हैं। यह फंड ब्याज मुक्त रखरखाव सुरक्षा के रूप में लिया जाता है।
नियम के मुताबिक सोसायटी में सौंपे जाने के बाद इसे एओए को हस्तांतरित करना जरूरी होता है। आईएफएमएस फंड को एओए के खाते में हस्तांतरित करने के लिए प्राधिकरण ने कई बिल्डरों को नोटिस जारी किए। नोटिस के बाद भी यह मामला नहीं हल हो सका। उसके बाद कई मामले न्यायालय में पहुंचे।
फंड के अभाव में यह कार्य रुके
- स्विमिंग पूल और जिम की मेंटेनेंस प्रभावित
- क्लब हाउस और कम्युनिटी हाल की रिपेयर नहीं
- रोड, पार्किंग और ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत रुकी, एक्सपेंशन ज्वाइंट का कार्य अधूरा
- पानी की आपूर्ति और ट्रीटमेंट प्लांट की खराबी से गंदे पानी की आपूर्ति बढ़ी
- बिजली बैकअप जेनरेटर का गैस में नहीं हुआ बदलाव
- गार्डन और लैंडस्केपिंग कार्य रुके, रखरखाव के अभाव में हरियाली सूखा रही
एजेंसी ने हाल में हैंडओवर दिया है। एजेंसी का कहना कि आईएफएमएस बिल्डर ने लिया है हमसे कोई मतलब नहीं है। यह करीब 13 करोड़ है। आइआरपी भी बदल गया है। नए आइआरपी से बात की जाएगी।
- ओमदत्त शर्मा, एओए उपाध्यक्ष, सुपरटेक ईकोसिटी, सेक्टर-137
22 करोड़ का आईएफएमएस फंड है। वर्ष 2019 से नहीं मिला है। सोसायटी के टावरों पेंट और प्लास्टर का कार्य अधूरा है। आईएफएमएस होता तो यह सभी कार्य पूरे करा लिए जाते।
- सुखपाल सिंह राणा, एओए अध्यक्ष, पारस टिएरा
2.25 करोड़ का आईएफएमएस बकाया है। फंड नहीं होने से एक्सपेंशन ज्वाइंट और बालकनी की मरम्मत का कार्य रुका हुआ है। इसमें मोटा खर्च होता है। बिल्डर के खिलाफ लडाई जारी है।
-नितेश रंजन, एओए अध्यक्ष, प्रतीक विस्टीरिया
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।