सिवास रीगल और जॉनी वॉकर की खाली बोतलों में भरते थे 8 PM, नोएडा बार में पकड़ा गया खेल; 222 बोतल शराब बरामद
नोएडा के माल्ट एंड मिथ्स बार में महंगी बोतलों में सस्ती शराब परोसने का भंडाफोड़ हुआ है। आबकारी विभाग ने ...और पढ़ें

नोएडा में महंगे ब्रांड की खाली बोतलों में 8 पीएम जैसी सस्ती शराब परोसने का खेल उजागर हुआ है। एआई इमेज
HighLights
नोएडा के माल्ट एंड मिथ्स बार में नकली शराब का खुलासा।
महंगी बोतलों में सस्ती शराब परोसते थे ग्राहक को।
आबकारी विभाग ने 222 बोतल नकली शराब बरामद की।
जागरण संवाददाता, नोएडा। सेक्टर 62 नोएडा वन स्थित माल्ट एंड मिथ्स बार में ग्राहकों को सिवास रीगल, जानी वाकर, ग्लेनफिडिच, जेम्सन और ग्रे गूज जैसे महंगे ब्रांड की खाली बोतलों में 8 पीएम जैसी सस्ती शराब परोसने का खेल उजागर हुआ है।
ग्राहकों को चूना लगाया जा रहा था। कोई इसका विरोध करता तो ऊंची पहुंच होने और बाउंसरों से डराते धमकाते। इस तरह की शिकायतों पर आबकारी विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार रात को मौके पे छापा मारा। प्रबंधक समेत चार को दबोचा। सेक्टर 58 थाने में केस दर्ज कराया।
पार्टी बुकिंग में करते थे नकली माल की सप्लाई
आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही ने बताया कि आरोपितों की पहचान गाजियाबाद खोड़ा कालोनी के रहने वाले राजेश सिंह, अविनाश, प्रसून व अनीश के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला है कि राजेश प्रबंधक है, जबकि तीनों बार टेंडर हैं।
वह हरियाणा से सस्ती दर पर शराब लाते हैं। शराब को बार के पास के एक गोदाम और कार में रखते हैं। सस्ती शराब को प्रीमियम ब्रांड की खाली बोतलों में भरकर रखते हैं। पार्टी बुकिंग के दौरान ग्राहकों को महंगे ब्रांड के नाम पर परोसते हैं।
बेसमेंट के रास्ते में बड़ी खेप पर पड़ी नजर
टीम ने तलाशी के दौरान बेसमेंट की ओर जाने वाले रैंप के पास बने एक कमरे से बड़ी मात्रा में शराब, वाइन और बीयर बरामद कीं, जबकि कमरा बार के लाइसेंस वाले परिसर में शामिल नहीं था। यहां हरियाणा और पंजाब में बिक्री की ब्लैक डाग ट्रिपल गोल्ड रिजर्व की एक सीलबंद बोतल भी मिली। बोतल पर यूपी आबकारी का होलोग्राम भी नहीं था।
छापेमारी में 750 एमएल की 209, एक लीटर की नौ और 700 एमएल की चार बोतल समेत कुल 222 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। इसके अलावा 14 बोतल वाइन, बीयर के 56 कैन और दो पिंट मिले। बार काउंटर पर अलग-अलग ब्रांड की 30 खुली बोतलें भी मिलीं। टीम को प्रीमियम ब्रांड की 157 खाली बोतलें भी मिलीं।
कार से मिलीं 12 बोतलें
टीम को मौके पर प्रबंधक राजेश की सिल्वर कार से 8 पीएम व्हिस्की की 12 बोतलें बरामद हुईं। इनको खरीदने और बार तक लाने का कोई बिल भी प्राप्त नहीं हुआ। प्रबंधन ने खुद भी स्वीकार कि वह तीनों बार टेंडरों के साथ कार से शराब लाता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।