नोएडा में जमींदोज होंगे फार्म हाउस और पक्के मकान, 20 जून तक गरजेगा अथॉरिटी का बुलडोजर
नोएडा अथॉरिटी ने यमुना-हरनंदी डूब क्षेत्र में सभी अवैध निर्माणों को 20 जून तक ध्वस्त करने का अल्टीमेटम दिया है।

हरनंदी के डूब क्षेत्र में बने मकान। जागरण
HighLights
नोएडा अथॉरिटी का यमुना-हरनंदी डूब क्षेत्र में बुलडोजर चलेगा।
अवैध निर्माणों को 20 जून तक ध्वस्त करने का अल्टीमेटम।
सीईओ ने अधिकारियों को कार्रवाई न करने पर हटाने की चेतावनी दी।
जागरण संवाददाता, नोएडा। यमुना-हरनंदी डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण की बढ़ती संख्या नदियों के अस्तित्व के लिए खतरा बन गई है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश ने 20 जून तक सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने वर्क सर्किल चार, छह, सात, आठ, नौ और 10 के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अवैध निर्माण नहीं हटाए गए, तो संबंधित अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया जाएगा। सीईओ ने स्पष्ट किया कि यमुना-हरनंदी डूब क्षेत्र प्राधिकरण का नोटिफाइड एरिया है, जहां किसी भी प्रकार का स्थायी निर्माण करना प्रतिबंधित है।

यमुना डूब क्षेत्र में बने फार्म हाउस। जागरण
चार दिन के भीतर कार्रवाई का आदेश
इसके बावजूद, वर्षों से यहां अवैध फार्म हाउस, पक्के मकान, रिसार्ट जैसे ढांचे और स्विमिंग पूल बनाए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी अवैध पक्के ढांचों की पहचान कर उन्हें ध्वस्त किया जाए। अधिकारियों को चार दिन के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।
डूब क्षेत्र में अवैध बसावट और निर्माण के कारण बाढ़ के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को रेस्क्यू करना पड़ता है, जिससे कई समस्याएं उत्पन्न होती हैं। पिछले वर्षों में यमुना में बाढ़ के दौरान इस स्थिति का सामना करना पड़ा है।
कहां हुए सबसे ज्यादा अवैध निर्माण?
- यमुना नोएडा के सेक्टर-94, 124, 125, 127, 128, 131, 133, 134, 135, 168 और 150 के आसपास से गुजरती है।
- वहीं, हरनंदी छिजारसी से प्रवेश कर सेक्टर-63 ए, बेहलोलपुर, शहदरा, सुथियाना, गढ़ी चौखंडी, सेक्टर-123, 118, 115, 143, 143 ए, 148 और 150 होते हुए मोमनाथल के पास यमुना में मिलती है।
- इन दोनों नदियों के किनारे स्थित डूब क्षेत्र में बड़ी संख्या में अवैध फार्म हाउस और पक्के निर्माण किए गए हैं।
