नोएडा में दो फूड रेस्टोरेंट पर लगा तीन लाख का जुर्माना, नियमों के उल्लंघन का लगा आरोप
नोएडा प्राधिकरण ने स्वच्छता सर्वेक्षण नियमों का उल्लंघन करने पर दो कंपनियों, रिबेल फूड और बारकोस, पर कुल तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

नोएडा में दो फूड रेस्टोरेंट पर लगा तीन लाख का जुर्माना। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
नोएडा प्राधिकरण ने दो कंपनियों पर तीन लाख का जुर्माना लगाया।
कचरा प्रबंधन और पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी पाई गई।
रिबेल फूड और बारकोस पर हुई यह कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, नोएडा। स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने सफाई और कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन नहीं करने पर दो कंपनियों पर तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। सेक्टर-41 स्थित रिबेल फूड प्राइवेट लिमिटेड पर दो लाख और सेक्टर-12 स्थित बारकोस पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
प्राधिकरण ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों जगह निरीक्षण के दौरान कचरा प्रबंधन और पर्यावरणीय नियमों में लापरवाही सामने आई। सेक्टर-12 स्थित बारकोस के निरीक्षण में मिक्स वेस्ट मिला। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा ईटीपी प्लांट भी संचालित नहीं मिला। कंपनी पर बल्क वेस्ट जेनरेटर से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने का भी आरोप है। इन कमियों को देखते हुए प्राधिकरण ने एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
जांच में मिला कि तेल को सीधे ड्रेन में गिराया जा रहा था
सेक्टर-41 स्थित रिबेल फूड प्राइवेट लिमिटेड के निरीक्षण में तेल को सीधे ड्रेन में गिराया जा रहा था। प्राधिकरण की टीम को पानी में मच्छरों के लार्वा भी मिले। इसके अलावा यहां भी बल्क वेस्ट जनरेटर से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।
इन खामियों पर प्राधिकरण ने कंपनी पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। स्वच्छता सर्वेक्षण को देखते हुए शहर में कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था की लगातार जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
