नोएडा कला कार्यक्रम में देवी-देवताओं के अपमान का आरोप, शिकायत दर्ज
नोएडा के सेक्टर-15 ए क्लब में आयोजित कला कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने की शिकायत दर्ज की गई है। हरौला के एक व्यक्ति ने आयोजकों पर आपत्तिजनक चित्रण से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।

नोएडा कला कार्यक्रम में देवी-देवताओं के अपमान का आरोप ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
कला कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं के अपमान का आरोप।
हरौला के व्यक्ति ने आयोजकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है, कार्रवाई की मांग।
सुमीत कुमार, नोएडा। सेक्टर-15 ए के क्लब में 20 नवंबर को आयोजित कला कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने के आरोप में फेज-वन थाने में शिकायत दी है।
हरौला के व्यक्ति ने आयोजक और अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायती पत्र के आधार पर आरोपों की जांच कर रही है।
हिंदू देवी देवताओं को आपत्तिजनक स्थिति में दर्शाया गया था
शिकायतकर्ता आशुतोष चौधरी ने पुलिस को बताया कि सिल्वर ओक हाल में द स्टडी सर्किल ने कला संबंधी कार्यक्रम किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम से कला प्रदर्शनी के जरिए हिंदू देवी-देवताओं को आपत्तिजनक स्थिति में दर्शाया गया, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस लगी है।
कला,अभिव्यक्ति और वैचारिक स्वतंत्रता का सम्मान अपनी जगह है, लेकिन धार्मिक आस्था से जुड़े देवी-देवताओं को जानबूझकर आपत्तिजनक चित्रों के साथ जोड़कर प्रस्तुत करना गंभीर अपराध है।
शिकायत में कहा कि यह केवल किसी कला-कृति की पसंद या नापसंद नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़े स्वरूपों को सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक ढंग से प्रस्तुत करने की गंभीर घटना है।
कार्यक्रम में कही गई बातों की जांच हो
उन्होंने मांग की कि अतिथि वक्ता की भूमिका व कार्यक्रम में कही गई बातों की जांच, आयोजक व प्रबंधकों की भूमिका की जांच, प्रबंधन से कार्यक्रम की अनुमति, बुकिंग, रिकार्डिंग व उपलब्ध सीसीटीवी रिकार्ड सुरक्षित कराए जाएं।
आयोजन की वीडियो रिकार्डिंग, मूल-डिजिटल फाइल, आडियो, फोटो, इलेक्ट्रानिक साक्ष्य कब्जे में लें, प्रसारित वीडियो की डिजिटल फारेंसिक जांच कर उसकी प्रामाणिकता व मूल स्रोत की पुष्टि हो, लोगों के बयान समेत अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की मांग की है।
कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं का अपमान नहीं हुआ है। पुलिस को दी गई शिकायत के बारे में जानकारी नहीं है। मैं एक शादी समारोह में हूं। इस बारे में मैं अभी कुछ नहीं बता पाउंगा। देवदत्त- आरडब्ल्यूए एवं क्लब के अध्यक्ष फेज-वन थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में शिकायती पत्र मिला है। उसकी जांच कर रहे हैं।