जेवर एयरपोर्ट: 10 करोड़ की लागत से बनी सड़क 15 दिन में उखड़ी, धूल फांक रहे राहगीर
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास हामिदपुर-बुलंदशहर मार्ग पर 10 करोड़ की लागत से बनी सड़क 15 दिन में ही उखड़ ...और पढ़ें

जेवर में 10 करोड़ से बनी सड़क उखड़ी
HighLights
10 करोड़ की सड़क 15 दिन में हुई बदहाल।
धूल और गड्ढों से वाहन चालक परेशान।
ग्रेप लागू फिर भी धूल नियंत्रण नहीं।
मनोज कुमार शर्मा, जेवर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के बाद क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए पुरानी सड़कों को सही करने और नई सड़कों के निर्माण पर जोर है, लेकिन हामिदपुर-बुलंदशहर मार्ग की बदहाली राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है।
करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से जून में मरम्मत की गई सड़क महज 15 दिन में उखड़ गई थी। अब जगह-जगह गड्ढे और उड़ती धूल वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ग्रेप का पहला चरण लागू होने के बावजूद इस मार्ग पर धूल नियंत्रण और सड़क की मरम्मत नहीं हो पा रही है। जिसकी वजह से आबादी क्षेत्र में सड़क किनारे रहने वाले लोग को कारोबारी बुरी तरह से परेशान हैं।
जेवर कस्बे और हामिदपुर से एयरपोर्ट तक सड़क
राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीन आने वाली यह सड़क जेवर कस्बे और हामिदपुर से एयरपोर्ट तक जाने वाली इस सड़क का यमुना एक्सप्रेसवे तक का हिस्सा वर्षों से जगह-जगह बुरी तरह से क्षतिग्रस्त पड़ा हुआ था। नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट संचालन से पहले जून में इसकी मरम्मत और दोनों तरफ नाले के निर्माण की मंजूरी के बाद काम शुरू हुआ।
लेकिन, निर्माण के महज 10 दिन बाद ही सड़क की परत उखड़ने लगी थी जिसकी रिपेयरिंग कराई गई उसके बाद भी मात्र 15 दिन के भीतर दोबार पूरी तरह से सड़क बदहाल हो गई। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हुए थे।
उस समय लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय मार्ग खंड गाजियाबाद के अधिकारियों ने शिकायतों के बाद निर्माण एजेंसी का भुगतान रोक दिया था और मानसून के बाद पूरी तरह से तोड़कर दोबारा निर्माण शुरू कराने का दावा किया था, लेकिन सड़क की हालत अब भी जस की तस है।
दिन रात उड़ रही धूल ग्रेप के नियमों की नही परवाह
वायु प्रदूषण बढ़ने पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने 21 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में ग्रेप का पहला चरण लागू किया था। इसके तहत सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, मशीनी सफाई और सड़क निर्माण, चौड़ीकरण व मरम्मत के दौरान धूल दबाने के उपाय तेज करने के निर्देश हैं।
ऐसे में हामिदपुर-बुलंदशहर मार्ग पर गड्ढों से उड़ती धूल के बीच सड़क की मरम्मत और नियमित धूल नियंत्रण के इंतजाम न होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं।
एयरपोर्ट को पलवल-फरीदाबाद को जोड़ने का रास्ता
नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के बाद जिले की सीमा से सटे हरियाणा के पलवल और फरीदाबाद के लोगों को जेवर में बने एयरपोर्ट से लाभ मिलने की उम्मीद थी। लेकिन हरियाणा से एयरपोर्ट को जोड़ने वाले इस मार्ग का हाल देहात के आम रास्तों से भी बुरा हो चुका है।
'निर्माण एजेंसी ने टूटी हुई सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है। सड़क के किनारे नालों का निर्माण तेजी से पूरा किया जा रहा है 15 दिन के अंदर सड़क को पूरी तरह से मरम्मत कर ठीक कर दिया जाएगा।'
-अरविंद सिंह यादव अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय मार्ग खंड गाजियाबाद
यह भी पढ़ें- जेवर के 4 हजार लोगों ने टोल फ्री के लिए किया आवेदन, फिर क्यों नहीं मिल रही छूट?
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में एनकाउंटर, पैर में गोली लगने से बदमाश घायल; लाखों के जेवरात बरामद
