ग्रेटर नोएडा में एनकाउंटर, पैर में गोली लगने से बदमाश घायल; लाखों के जेवरात बरामद
ग्रेटर नोएडा में बिसरख पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से ...और पढ़ें
HighLights
बिसरख पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को दबोचा।
एक बदमाश गोली लगने से घायल, अस्पताल में भर्ती।
लाखों के चोरी के जेवर, नकदी और हथियार बरामद।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में बिसरख कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उनके कब्जे से चोरी के लाखों के आभूषण, 11,450 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त बाइक, औजार और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात लोकल इंटेलिजेंस की सूचना पर रोजा गोल चक्कर के पास चेकिंग की जा रही थी। तभी छपरौला रेलवे पुल की तरफ से तेज गति से आती एक संदिग्ध बाइक को रुकने का इशारा किया गया तो सवार भागने लगे।
वहीं, पीछा करने पर रोजा याकूबपुर 6 प्रतिशत पार्क सर्विस रोड पर बदमाश बाइक छोड़कर पुलिस पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागे। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी।
घायल बदमाश की हुई पहचान
घायल की पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू पुत्र कांताप्रसाद निवासी बरखेड़ा, थाना कुरावली, मैनपुरी, वर्तमान पता ग्राम भूड़ा, थाना सेक्टर-39, नोएडा के रूप में हुई। उसके साथी पिंटू पुत्र महेशचंद्र निवासी छतरपुर, कुरावली, मैनपुरी को कॉम्बिंग के दौरान पकड़ा गया।
पूछताछ में दोनों ने 27 अगस्त को सीएचसी बिसरख परिसर के बंद फ्लैट और 13 अक्टूबर को ग्राम रोजा जलालपुर की कॉलोनी के बंद मकान में चोरी करना कबूल किया।
एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज
बरामदगी में मंगलसूत्र, झुमकी, हार, अंगूठी, पायल, कमरबंद, कड़े, लेडीज घड़ी, होंडा साइन बाइक यूपी16एफक्यू9371, प्लास, पाना, हथौड़ा, छैनी और तीन मोबाइल शामिल हैं। घायल बदमाश पर दिल्ली, बुलंदशहर, हाथरस, कासगंज, एटा में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
