नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आएंगे स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति, टर्मिनल से एटीसी तक देखेंगे; अलर्ट पर पुलिस
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन मंगलवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा करेंगे, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। वे यात्री ...और पढ़ें

नोएडा एयरपोर्ट के टर्मिनल में प्रवेश द्वार बनारस के गंगा घाट जैसी दिखने वाली सीढ़ियों की साफ-सफाई में जुटे कर्मचारी । जागरण
HighLights
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन का नोएडा एयरपोर्ट दौरा
यात्री और कार्गो टर्मिनल का निरीक्षण करेंगे राष्ट्रपति
अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने में यह दौरा महत्वपूर्ण
जागरण संवाददाता, जेवर। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन मंगलवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके दौरे से एक दिन पहले सोमवार को एयरपोर्ट परिसर में तैयारियां चरम पर रहीं। राष्ट्रपति के स्वागत से लेकर उनके प्रस्तावित भ्रमण तक की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
एयरपोर्ट का संचालन कर रही यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) ने यात्री टर्मिनल से लेकर कार्गो टर्मिनल तक तैयारियों को पूरा करने में पूरी ताकत झोंक दी। वहीं पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व प्रोटोकाल की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया।
यात्री और कार्गो टर्मिनल देखेंगे राष्ट्रपति
राष्ट्रपति के साथ कारोबारी और अकादमिक प्रतिनिधियों का दल भी जेवर पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल को यात्री टर्मिनल में एयरपोर्ट की यात्री सुविधाओं, संचालन व्यवस्था और आधुनिक तकनीक से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी।
इसके बाद कार्गो टर्मिनल का भी भ्रमण कराया जाएगा। दौरे को लेकर सोमवार को एयरपोर्ट पर विशेष सफाई अभियान चला। एस्केलेटर, टर्मिनल भवन के शीशों की सफाई के साथ सड़क और लैंडस्केपिंग क्षेत्र को भी व्यवस्थित किया गया।
एयरपोर्ट के प्रमुख हिस्सों में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कर्मचारी और श्रमिक दिनभर जुटे रहे। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास, निर्माण और संचालन ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की 100 प्रतिशत सहायक कंपनी यापल कर रही है।
ऐसे में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का जेवर दौरा एयरपोर्ट के लिए खास महत्व रखता है। 15 जून से घरेलू वाणिज्यिक उड़ानें शुरू होने के बाद अब एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में भी तैयारियां आगे बढ़ रही हैं।
राष्ट्रपति के साथ आने वाला कारोबारी और अकादमिक प्रतिनिधिमंडल एयरपोर्ट की सुविधाओं और भविष्य की कारोबारी संभावनाओं को भी देखेगा।
तीन घंटे से अधिक एयरपोर्ट पर रहेंगे
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन सुबह करीब 11 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यात्री टर्मिनल के निरीक्षण के बाद ग्रुप फोटो और डिनर का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इसके बाद कार्गो टर्मिनल का दौरा कराया जाएगा। एटीसी और रनवे का निरीक्षण करने के बाद सूक्ष्म जलपान का कार्यक्रम प्रस्तावित बताए जा रहे हैं।
कड़े सुरक्षा घेरे में रहेगा एयरपोर्ट
राष्ट्रपति पार्मेलिन के दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन ने ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों और प्रोटोकाल की जानकारी दी।
प्रवेश, आवाजाही और राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- त्योहारों से ठीक पहले हवाई सफर महंगा, IndiGO ने बढ़ाया किराया; जल्द ही बाकी एयरलाइंस भी बढ़ाएंगी
