विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी रोड का काम किसानों ने रोका, रात में मिट्टी डालने पहुंचे ठेकेदार को खदेड़ा 

Published: Tue, 27 Oct 2026 12:00 AM (IST)

जेवर एयरपोर्ट की 60 मीटर कनेक्टिविटी सड़क पर ठेकेदारों द्वारा रात में शुरू किया गया काम किसानों के विरोध के ...और पढ़ें

किसानों ने नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी रोड का काम रोका। फोटो: आर्काइव

किसानों ने नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी रोड का काम रोका। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, जेवर। एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के लिए प्रस्तावित 60 मीटर सड़क पर रविवार रात मिट्टी डालने पहुंचे ठेकेदारों को किसानों के विरोध के चलते काम रोकना पड़ा।

किसानों ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर डाली गई मिट्टी हटवा दी और चेतावनी दी कि उनकी मांगें पूरी हुए बिना निर्माण कार्य नहीं होने देंगे।

किसानों के विरोध से निर्माण कार्य रुका

किसानों के अनुसार, गांव में एक जवान युवक की मौत होने पर धरने पर बैठे ज्यादातर किसान शोक जताने गए थे। इसी दौरान प्राधिकरण के ठेकेदारों ने रात के अंधेरे में सड़क पर मिट्टी डालने का काम शुरू कर दिया।

इसकी जानकारी मिलने पर किसान मौके पर पहुंचे और विरोध जताते हुए काम रुकवा दिया। किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी गैरमौजूदगी में निर्माण कार्य शुरू किया गया।

88 दिनों से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना

किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में दयानतपुर गांव के पास 88 दिनों से अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है। किसानों की प्रमुख मांगों में सात प्रतिशत आवासीय भूखंड, 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा, आबादी के बराबर आबादी का लाभ और 60 मीटर सर्विस रोड में आबादी के बदले आबादी की मांग पर अड़े हुए हैं।

किसानों का कहना है कि जमीन देने के बाद भी उन्हें अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है।

मांगें पूरी होने तक निर्माण का विरोध

किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक एयरपोर्ट के लिए 60 मीटर कनेक्टिविटी रोड व 120 मीटर वीआईपी रोड का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा और उनका विरोध जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- 'ऊपर से गाजियाबाद जाएंगे और नीचे से ग्रेटर नोएडा', यूपी की पहली डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाने का प्लान रेडी