नोएडा की वेटलैंड में कचरा डंपिंग पर एनजीटी सख्त, यूपीपीसीबी को तुरंत कार्रवाई का आदेश
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने नोएडा की वेटलैंड में कचरा और निर्माण मलबा डंप करने के मामले में सख्त रुख ...और पढ़ें

वेटलैंड में कचरा और निर्माण मलबा डंप किए जाने के मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) का सख्त रुख।
HighLights
एनजीटी ने नोएडा वेटलैंड में कचरा डंपिंग पर कड़ा रुख अपनाया।
यूपीपीसीबी को सेक्टर 137 और 49 में कार्रवाई के निर्देश।
याचिकाकर्ता की शिकायत पर 24 जुलाई को हुई सुनवाई।
जागरण संवाददाता, नोएडा। शहर की वेटलैंड में कचरा और निर्माण मलबा डंप किए जाने के मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकरण ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) को निर्देश दिया है कि वह सुनिश्चित करे कि नोएडा प्राधिकरण सेक्टर 137 और सेक्टर 49 में वेटलैंड के भीतर और आसपास ठोस कचरे तथा निर्माण मलबे की डंपिंग के खिलाफ उचित कार्रवाई करे।
24 जुलाई को पर्यावरण प्रदूषण से जुड़े दो मामलों की सुनवाई के दौरान यह निर्देश जारी किया गया। याचिकाकर्ता अभिष्ट कुसुम गुप्ता ने एनजीटी को बताया कि उन्होंने कचरा डंपिंग को लेकर 30 जुलाई 2025 और 10 जुलाई 2026 को विस्तृत लिखित में शिकायत दी थी, लेकिन अब तक उन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
एनजीटी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि संबंधित अभ्यावेदनों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो यूपीपीसीबी को आवश्यक कदम उठाने होंगे। सुनवाई के दौरान नोएडा प्राधिकरण की ओर से पेश वकील ने अधिकरण को भरोसा दिलाया कि प्राधिकरण मामले में उचित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
वहीं, कार्यवाही के दौरान यूपीपीसीबी ने सेक्टर-137 के पास सिंचाई नहर में प्रदूषण से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट में लंबित कार्यवाही की भी जानकारी दी। बोर्ड के वकील ने बताया कि एनजीटी के 3 अगस्त 2022 और 5 सितंबर 2022 के आदेशों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है।
यमुना कार्ययोजना का भी उठा मुद्दा
यूपीपीसीबी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने 21 मई 2026 के आदेश के तहत केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है। समिति को आठ सप्ताह के भीतर व्यापक यमुना कार्ययोजना तैयार करनी थी। सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों की स्थिति से अधिकरण को अवगत कराने के लिए यूपीपीसीबी ने मामले की सुनवाई स्थगित करने का अनुरोध किया। एनजीटी ने अगली सुनवाई के लिए 7 अक्टूबर की तारीख तय की है।
