80 गांवों की जमीन पर बसेगा 'नया नोएडा', दीपावली के बाद शुरू होगा जमीन अधिग्रहण; 361 किसानों ने दी सहमति
दादरी-नोएडा-गाजियाबाद विशेष निवेश क्षेत्र (डीएनजीआइआर) के तहत 'नया नोएडा' में भूमि अधिग्रहण दीपावली के बाद शुरू होगा। अब तक 361 ...और पढ़ें

दिवाली के बाद शुरू होगा नया नोएडा के लिए जमीन अधिग्रहण। फोटो: आर्काइव
HighLights
'नया नोएडा' में दीपावली के बाद भूमि अधिग्रहण शुरू होगा।
361 किसानों ने आपसी सहमति से जमीन देने का प्रस्ताव दिया।
अधिग्रहण प्रक्रिया तेज करने को प्राधिकरण ने कैंप लगाए।
जागरण संवाददाता, नोएडा। दादरी-नोएडा-गाजियाबाद विशेष निवेश क्षेत्र (डीएनजीआईआर) के रूप में विकसित होने वाले ‘नया नोएडा’ में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया दीपावली के बाद शुरू होगी।
अब तक 361 किसान आपसी सहमति से जमीन देने के लिए तैयार हो चुके हैं। सहमति और अधिग्रहण की प्रक्रिया को गति देने के लिए तीन स्थानों पर कैंप लगाए गए हैं। यहां पांच लेखपालों की टीम किसानों से संबंधित दस्तावेज और सहमति पत्र ले रही है।
भूमि अधिग्रहण की समीक्षा के दौरान प्राधिकरण ने अधिकारियों को प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। जमीन की मुआवजा दरें भी तय हो चुकी हैं। जमीन अधिग्रहण के साथ ‘नया नोएडा’ में अवैध निर्माण और अतिक्रमण रोकने की तैयारी भी की जा रही है।
इसके लिए प्राधिकरण ने 11, 12 और 14 नाम से तीन नए सर्किल बनाए हैं। सर्किल-11 की जिम्मेदारी महाप्रबंधक एसपी सिंह को दी गई है। सर्किल-12 और 14 का काम महाप्रबंधक एके अरोड़ा को सौंपा गया है। इन सर्किलों में जल्द वरिष्ठ प्रबंधकों और प्रबंधकों की तैनाती की जाएगी।
361 किसान जमीन देने को तैयार
प्राधिकरण ने आपसी सहमति से जमीन लेने के लिए मुआवजा नीति तय की है। पहले और दूसरे चरण में जमीन देने वाले किसानों को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की व्यवस्था के अनुसार मुआवजा और छह प्रतिशत आबादी भूखंड मिलेगा।
तीसरे और चौथे चरण में जमीन देने वाले किसानों को यमुना प्राधिकरण की व्यवस्था के मुताबिक मुआवजे के साथ सात प्रतिशत आबादी भूखंड दिया जाएगा।
चार चरणों में विकसित होगा नया नोएडा
‘नया नोएडा’ का मास्टर प्लान 209.11 वर्ग किलोमीटर यानी 20,911.29 हेक्टेयर क्षेत्र में तैयार किया गया है। इसमें 80 गांवों की जमीन शामिल होगी और शहर की अनुमानित आबादी करीब छह लाख रखी गई है।
विकास चार चरणों में होगा। पहले चरण में वर्ष 2027 तक 3,165 हेक्टेयर क्षेत्र विकसित किया जाएगा। दूसरे चरण में 2027 से 2032 तक 3,798 हेक्टेयर, तीसरे चरण में 2032 से 2037 तक 5,908 हेक्टेयर और चौथे चरण में 2037 से 2041 तक 8,230 हेक्टेयर क्षेत्र का विकास प्रस्तावित है।
‘नया नोएडा’ में पहले चरण की समय सीमा नजदीक आने के कारण जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया गया है। दीपावली के तुरंत बाद किसानों से सहमति के आधार पर जमीन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
-पुष्पराज सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा प्राधिकरण।
यह भी पढ़ें- नोएडा की पहली एलिवेटेड रोड पर बार-बार क्यों हो रहे गड्ढे? IIT रुड़की की टीम करेगी जांच; फिलहाल एक लेन बंद
