विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न्यू आगरा की बिजली जरूरत होगी सौर ऊर्जा से पूरी, 320 हेक्टेयर में बनेगा 256 मेगावाट का सोलर पार्क

Published: Fri, 11 Sep 2026 11:11 PM (IST)

न्यू आगरा को हरित शहर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसकी अधिकांश बिजली ज़रूरत सौर ऊर्जा से पूरी होगी। ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. न्यू आगरा को हरित शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।

  2. शहर की अधिकांश बिजली ज़रूरत सौर ऊर्जा से पूरी होगी।

  3. रूफटॉप सोलर पैनल और 320 हेक्टेयर का सोलर पार्क बनेगा।

अरविंद मिश्रा, ग्रेटर नोएडा। हरित शहर के तौर पर विकसित होने वाला न्यू आगरा अपनी अधिकतर बिजली जरूरत को रिन्यूएबल एनर्जी से पूरा करेगा। सौर ऊर्जा न्यू आगरा को स्वच्छ पर्यावरण के साथ बिजली मांग को भी पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।

न्यू आगरा के मास्टर प्लान 2041 में शहर की बिजली जरूरत के लिए सौर ऊर्जा पर फोकस है। उद्योग व वाणिज्यक प्रतिष्ठान की जरूरत के लिए 90 प्रतिशत तक रूफटाप सोलर पैनल से लगाए जाएंगे। शहर में सोलर पार्क भी बनाया जाएगा।

यमुना प्राधिकरण के फेज दो में शामिल आगरा के अधिसूचित क्षेत्र में नए शहर की परिकल्पना का कागजी खाका तैयार हो रहा है। नए शहर को यीडा में अधिसूचित 44 गांवों की जमीन पर विकसित किया जाएगा। मास्टर प्लान 2041 के तहत शहर की आबादी तकरीबन 14 लाख होगी।

इस आबादी की ऊर्जा जरूरत को पूरा करना चुनौती होगा। इसलिए नए शहर की बिजली जरूरत को पूरा करने के लिए रिन्यूएबल एनर्जी को प्राथमिकता दी जाएगी।

मास्टर प्लान के अनुमान के अनुसार शहर की आवासीय, औद्योगिक समेत सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं की बिजली जरूरत का इसमें आंकलन करते हुए अनुमान लगाया गया है। इसके साथ ही बिजली जरूरत को पूरा करने के लिए सौर ऊर्जा को प्रमुख स्रोत के रूप में चुना गया है।

यह भी पढ़ें- ‘नया नोएडा’ में जमीन अधिग्रहण की बढ़ सकती है मुआवजा दर, अगले महीने बोर्ड में रखा जाएगा प्रस्ताव

यह भी पढ़ें- नया नोएडा के विकास को मिलेगी रफ्तार, भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज करने पर जोर

इसमें रूफटाप सोलर पैनल अहम भूमिका निभाएंगे। उद्योग व कामर्शियल की 90 प्रतिशत तक बिजली जरूरत रूफटाप सोलर पैनल के जरिये पूरी होगी। नए शहर को हरित व सफेद श्रेणी के उद्योग स्थापित होंगे। इसमें आइटी, आइटीएस, लाजिस्टिक, हेरिटेज टूरिज्म आदि प्रमुख हैं। शहर की सड़कों को रोशन करने के लिए भी हाइब्रिड सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी।

नदी बफर जोन में विकसित होगा सोलर पार्क

शहर की बड़े स्तर पर बिजली जरूरत को पूरा करने के लिए 320 हेक्टेयर में सोलर पार्क विकसित होगा। इसे करबन नदी के बफर जोन में विकसित किया जाएगा। जिसमेंं 256 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा।

फेज दो में शामिल नया आगरा शहर ताज संरक्षित क्षेत्र में है। इसलिए शहर को विकसित करने के साथ पर्यावरण की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। शहर में हरित क्षेत्र के साथ ऊर्जा जरूरत को पूरा करने के लिए रिन्यूएबल एनर्जी का भी भरपूर उपयोग किया जाएगा। मास्टर प्लान में भी इसके लिए प्रविधान किए जा रहे हैं।
- राकेश कुमार सिंह, सीईओ यीडा