Noida Weather Forecast Today: अगले 24 घंटे में उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत, पढ़ें- IMD की ताजा भविष्यवाणी
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मानसून आने के बाद भी लोगों को निराशा हाथ लगी है। लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं।
नोएडा, जागरण संवाददाता। नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मानसून आने के बाद भी लोगों को निराशा हाथ लगी है। लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। बृहस्पतिवार को भी धूप रही। राहत मिलने का इंतजार कर रहे लोगों को बारिश के लिए आज भी इंतजार करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार. बृहस्पतिवार को बारिश होने की उम्मीद नही है। हालांकि तीन जुलाई से मौसम फिर से बदलेगा। मानसून के सक्रिय होने से बारिश का दौर शुरू होगा।
उधर स्काइमेट वेदर के मौसम विज्ञानी के मुताबिक, मानसून की अक्षीय रेखा इस समय दिल्ली से बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भागों तक बनी हुई है। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश में बना हुआ है। मध्य पाकिस्तान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटे में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं, लेकिन मौसम शुष्क और काफी गरम बना रहेगा।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को पूरे दिन गर्मी बनी रही। अधिकतम पारा 37 डिग्री पार रहने के साथ पूरे दिन उमस ने परेशान किया, इससे गर्मी से लोग बेहाल दिखे। वहीं, मंगलवार को दिन की शुरुआत सूरज की तेज धूप के साथ हुई। सुबह 12 बजे सूरज की तेज तपिश ने घरों से बाहर निकले लोगों को परेशान किया। पूरे दिन मौसम गर्म एवं शुष्क रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के मुताबिक, अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री व न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 69 से 81 फीसद के बीच रहा, लेकिन हवा का दबाव कम होने से बारिश नहीं हो सकी।
बादल न गरजे, न बरसे, लोग बारिश को तरसे
वहीं दिल्ली में भी बुधवार को भी बादल तो दिनभर छाए रहे, लेकिन न गरजे और न बरसे। बस सूरज के साथ लुकाछिपी तक ही सिमटकर रह गए। नतीजा, दिल्लीवासी उमस और धूप की चुभन से परेशान रहे। बहरहाल, शुक्रवार रात से मौसम बदलने और सप्ताहांत में ठीकठाक बारिश होने की संभावना है।