Weather Update: नोएडा में बारिश के बाद एक साथ दिखे दो इंद्रधनुष, लोगों में उत्साह
नोएडा में रविवार दोपहर होते-होते आसमान में बादल छाने का सिलसिला शुरू हो गया। शाम तक पूरा आसमान काले बादलों से घिर गया। बारिश जोरदार हुई और इसके बाद दो इंद्रधनुष एक साथ दिखे।
ग्रेटर नोएडा [चंद्रशेखर]। पिछले दो-तीन दिनों से लगातार बारिश होने के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है। हालांकि, रविवार को सुबह धूप निकली। दोपहर होते-होते आसमान में बादल छाने का सिलसिला शुरू हो गया। शाम तक पूरा आसमान काले बादलों से घिर गया। दिन में लोग वाहनों में लाइट जलाकर चलते नजर आए। इस दौरान 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली और जोरदार बारिश हुई। हालांकि, यह सिलसिला अधिक देर तक नहीं चला। वहीं बारिश के बाद लोगों को इंद्रधनुष देखने को मिला। अनोखी बात यह रही कि एक साथ दो इंद्रधनुष निकला था। दो इंद्रधनुष एक साथ देखते ही लोग काफी उत्सुक हो गए। लोग इसकी तस्वीर कैमरों में कैद करने लगे। कई लोग इसे सोशल मीडिया पर डाल कर शेयर करते दिखे।
सोमवार को भी होगी बारिश
रविवार को अधिकतम तापमान 34.6 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, आज भी बारिश के आसार बना हुआ हैं। स्काईमेट वेदर सर्विसेज के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि
जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है। इससे उत्तरी भारत के मैदानी इलाके में बरसात हो रही है। इसके चलते रविवार शाम को भी बारिश हुई। एक जून को भी बारिश के आसार बने हुए हैं।
फिर बढ़गी गर्मी
इस दौरान तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहेगा। हालांकि, दो जून से धूप निकलने के साथ गर्मी का प्रकोप एक बार फिर से बढ़ना शुरू हो जाएगा। अभी आने वाले पांच-छह दिन अधिकतम तापमान में अधिक बढ़ोतरी दर्ज नहीं की जाएगी। इस दौरान तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहेगा। हालांकि, लू का प्रकोप अभी कुछ दिन नहीं रहेगा। हवाएं अभी पूर्वी दिशा से चलती रहेंगी। इससे अधिक गर्मी का अहसास नहीं होगा। बता दें कि कोरोना के कारण लॉकडाउन के बाद अब सरकार छूट देने की तैयारी में है। ऐसे में बढ़ती गर्मी लोगों को परेशान करेगी।