विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 29, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Noida Crime News: विदेशी अपराधियों का नेटवर्क तोड़ा, महिला अपराध बना रहा चुनौती

By Praveen SinghEdited By: Abhishek Tiwari
Published: Thu, 29 Dec 2022 09:36 AM (IST)

इस साल महिलाओं के प्रति अपराध की घटनाएं बढ़ी है। स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश लगा पाना अब भी कमिश्नरेट पुलिस ...और पढ़ें

Noida News: विदेशी अपराधियों का नेटवर्क तोड़ा, महिला अपराध बना रहा चुनौती
Noida News: विदेशी अपराधियों का नेटवर्क तोड़ा, महिला अपराध बना रहा चुनौती

ग्रेटर नोएडा, जागरण संवाददाता। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने इस वर्ष विदेशी अपराधियों का नेटवर्क जड़ से खत्म किया है। ग्रेटर नोएडा के घरबरा गांव में बैठकर हवाला कारोबार, कैसिनो व शराब का अवैध अड्डा चलाने वाले चीन के स्लीपर सेल पुलिस के हत्थे चढ़े। जो कि देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे थे। हालांकि महिला संबंधित अपराध अभी भी चुनौती बना हुआ है।

इस साल महिलाओं के प्रति अपराध की घटनाएं बढ़ी है। आंकड़ों के अनुसार हर दिन दो महिलाएं अपराध का शिकार हुईं हैं। राहत की बात यह है कि महिला संबंधित अपराध में अपराधियों के प्रति कार्रवाई शत प्रतिशत मामले में हुई है। स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश लगा पाना अब भी कमिश्नरेट पुलिस के लिए मुश्किल हो रहा है। हत्या, लूट, चोरी और ठगी के सात हजार से अधिक मामले इस साल दर्ज किए गए।

महिला संबंधी अपराध की संख्या में भी इजाफा हुआ है। 2020 में जहां महिला संबंधी अपराध की संख्या 716 थी, वहीं 2021 में यह 736 पहुंच गई। 2022 में यह आंकड़ा 800 के करीब पहुंच गया है। 2022 में दहेज हत्या के 31 और हत्या के 19 मामले दर्ज हुए। दुष्कर्म और डिजिटल दुष्कर्म की संख्या भी पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष ज्यादा रही।

इस वर्ष हुए महिला संबंधित अपराध के आंकड़े 

हत्या-   19

दहेज हत्या-  31

शीलभंग-  61

छेड़खानी 10

दुष्कर्म 32

अपहरण 173

महिला उत्पीड़न 185

इन इनामी बदमाशों को लगी गोली

बदमाश  इनाम  तारीख

भूरा  25 हजार  चार जनवरी

सोनू कसाई  25 हजार  21 मार्च

तुलसी  25 हजार  27 मार्च

कृष्ण   25 हजार  23 अप्रैल

साहिल  25 हजार  24 अप्रैल

साबिर 25 हजार दो जून

कफील 20 हजार पांच जून

अनुज चौधरी 75 हजार 15 जून

दिलीप कुमार 25 हजार सात सितंबर

विकास 25 हजार 20 सितंबर

दुष्यंत चौहान 25 हजार 25 दिसंबर

जिले की अपराध की बड़ी घटनाएं 

चीन के नागरिकों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़

ईकोटेक एक कोतवाली क्षेत्र स्थित घरबरा गांव में चीन के नागरिक अवैध कारोबार का अड्डा चला रहे थे। वहां बिना वीजा पासपोर्ट के चीन के नागरिक नेपाल बार्डर से आते थे। देश की सुरक्षा में सेंध लगाकर चीन के नागरिक शहर में हवाला का कारोबार कर रहे थे। गिरोह के मास्टरमाइंड सु फाइ व उसकी महिला मित्र पेटेख रेनुओ को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अब तक कुल 11 चीन के नागरिक गिरफ्तार हो चुके है।

11 साल के बच्चे का अपहरण

ईकोटेक एक कोतवाली क्षेत्र के लुकसर गांव के रहने वाले किराना व्यापारी मेघ सिंह के 11 वर्षीय बेटे अर्थ का दो अक्टूबर को बदमाशों ने अपहरण कर 30 लाख की फिरौती वसूली थी। तत्कालीन बीटा दो कोतवाली प्रभारी अनिल राजपूत ने बच्चे को सकुशल बरामद कर फिरौती वसूलने वाले बदमाश शिवम को मुठभेड़ में मार गिराया था। अनिल के बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी थी।

खुद की मौत का रचा स्वांग

माता-पिता की मौत का बदला लेने के लिए दादरी की रहने वाली पायल भाटी ने प्रेमी के साथ मिलकर उसके जैसे कद काठी की दिखने वाली हेमा चौधरी की हत्या कर खुद की मौत का स्वांग रचा। बिसरख कोतवाली पुलिस ने पायल व उसके प्रेमी अजय ठाकुर को गिरफ्तार किया था।

श्रीकांत त्यागी प्रकरण

अगस्त में नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में महिला से बदसलूकी करने वाले भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी का मामला कई सप्ताह तक सुर्खियों में रहा। महिला संग बदसलूकी करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया के विविध प्लेटफार्म पर प्रसारित होने के तीन दिन बाद श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी मेरठ से हुई। इस मामले में जहां पीड़ित महिला को सुरक्षा मुहैया कराई गई वहीं कोतवाली प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को कार्य में लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया गया। मामले की गूंज लखनऊ और दिल्ली तक पहुंची। पुलिस और प्रशासन की इस पर पैनी नजर रही।

बार में परचेज मैनेजर की हत्या

अप्रैल में नोएडा के गार्डन गैलेरिया माल के लास्ट लेमन बार में परचेज मैनेजर बृजेश राय की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही बार का लाइसेंस भी कैंसिल कर दिया गया था। जांच में सामने आया था कि बिल को लेकर हुए विवाद में बृजेश की हत्या की गई थी।

युवती को तीसरी मंजिल से फेंका

आठ नवंबर को सेक्टर-49 कोतवाली क्षेत्र के होशियारपुर गांव स्थित एक इमारत की तीसरी मंजिल से एक युवक ने युवती को फेंक दिया। युवती की मौत हो गई। आरोपित गौरव होशियारपुर की शीतल का शव लेकर नोएडा और गाजियाबाद सहित अन्य स्थानाें पर दफनाने की फिराक में घूमता रहा। सर्विलांस टीम की मदद से आरोपित को गाजियाबाद से दबोचा गया। युवती ने गौरव से बात करने मना किया तो गुस्से में आकर उसने उसे नीचे फेंक दिया था।

ठगी के इंटरनेशनल काल सेंटर का पर्दाफाश

15 जुलाई को सेक्टर-58 कोतवाली क्षेत्र स्थित एक इमारत में चल रहे ठगी के इंटरनेशनल काल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए यूपी एसटीएफ की टीम ने दस आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर-59 के बी-36 से काल सेंटर के सरगना विनोद सिंह और अक्षय मलिक को भी दबोचा गया।

जांच में सामने आया कि तकनीकी सपोर्ट के नाम विदेशी नागरिकों के कंप्यूटर और लैपटाप को रिमोट पर लेकर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय काल सेंटर गिरोह के शातिरों ने करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी की है। इनकम टैक्स और सोशल सिक्योरिटी का भय दिखाकर विदेश नागरिकों को आरोपित झांसे में लेते थे।

यहां है सुधार की आवश्यकता 

कमिश्नरेट के गठन के बाद संगठित अपराध समेत सभी प्रकार के अपराध पर अंकुश लगा है, लेकिन शहर में कई क्षेत्र अब भी ऐसे हैं,जहां स्नैचिंग, छेड़खानी और मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। फेज दो कोतवाली क्षेत्र, मामूरा, सेक्टर-62, 63,

58,75, हबीबपुर, कासना, सहित अन्य स्थानों पर कई कंपनी और फैक्ट्री है,यहां मोबाइल और चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रहा है। सेक्टर-39 और एक्सप्रेस कोतवाली क्षेत्र में भी सोसायटियों के विवाद अक्सर सामने आते रहते हैं। माल और मल्टीप्लेक्स के बाहर भी तमाम तरह की घटनाएं होती रहती है।

इसके अलावा साइबर अपराध की घटनाओं में दिन प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। दो हजार से अधिक शिकायतें इस साल साइबर क्राइम थाने और अलग-अलग कोतवाली और साइबर सेल में सामने आई है। डिजिटल दुष्कर्म के करीब 19 मामले इस साल जिले में सामने आए हैं। यहां सुधार की आवश्यकता है।

इन मामलों में बैकफुट पर रही पुलिस 

श्रीकांत त्यागी प्रकरण के प्रारंभिक घंटों में पुलिस की सुस्ती बाद में काफी भारी पड़ गई। घटना के बाद श्रीकांत कई घंटे तक सोसायटी में मौजूद रहा,बावजूद उसके उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इससे पुलिस की काफी किरकिरी हुई। पुलिस अभिरक्षा से इस साल कई आरोपित फरार हुए। इंटरनेट मीडिया के विविध प्लेटफार्म पर भी पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी की आलोचना हुई।

साइबर ठगी के लगातार मामले सामने आ रहे है,बावजूद इसके पुलिस ज्यादा कुछ कर नहीं पा रही है। महज पांच से 12 प्रतिशत मामलों का ही निस्तारण हो पा रहा है। सेक्टर-126 कोतवाली क्षेत्र स्थित जेपी अस्पताल के पास सूडान के नागरिक संग सात महीने पहले हुई लूट का अब तक पर्दाफाश नहीं हो पाया है। सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र में अधिवक्ता के घर हुई करीब 50 लाख के आभूषणों की चोरी के मामले में भी पुलिस के हाथ खाली है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।