यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Noida News: दीपावली पर गुल हुई बिजली तो इस नंबर पर करें कॉल, तुरंत मिलेगी मदद
Noida Electricity Complain Number दीपावली पर शहरवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी। इसको लेकर विद्युत वितरण निगम ने तैयारी पूरी ...और पढ़ें

नोएडा, जागरण संवाददाता। दीपावली पर शहरवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी। इसको लेकर विद्युत वितरण निगम ने तैयारी पूरी कर ली है। दीपावली पर 23 से 25 अक्टूबर तक सभी कर्मचारियों के अवकाश रद रहेंगे। रोस्टर के अनुसार सभी खंडों में तैनाती रहेगी। निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। बिजली कटौती होने पर 01202970431 पर सूचना दे सकते हैं।
प्रकाश पर्व के कारण बढ़ जाती है बिजली की महत्ता
प्रकाश पर्व दीपावली पर घर, प्रतिष्ठान और सार्वजनिक भवनों को झालरों से सजाया जाता है। प्रकाश का पर्व होने के चलते बिजली की महत्ता बढ़ जाती है। नो ट्रिपिंग जोन में होने के बावजूद दीपावली को लेकर विद्युत निगम विशेष एहतियात बरत रहा है।
ओवर लोड वाले ट्रांसफार्मर हो रहे दुरुस्त
बीते एक माह से ओवर लोड वाले ट्रांसफार्मर का लोड दुरूस्त किया गया है। इसके साथ ही ओवर हेड तारों को पेड़ों से मुक्त करने के लिए टहनियों की छंटाई की गई है। मौजूदा समय में जिले में करीब 900 मेगावाट बिजली की खपत हो रही है। दीपावली पर भी बिजली की खपत लगभग इतने ही रहने की उम्मीद है, लेकिन घरेलू फीडर पर लोड बढ़ने से ट्रिपिंग की बढ़ जाती है। इसी लेकर लोड दुरूस्त किया गया है।
ट्राली ट्रांसफार्मर की रहेगी व्यवस्था
दीपावली के दिन अगर किसी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होता है तो उसको बदलने के लिए अतिरिक्त ट्राली ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की गई है। उसको तुरंत बदलवाया जाएगा। विद्युत निगम के अधिकारियों ने बताया कि शहर में बड़ी संख्या में औद्योगिकी इकाई हैं। दीपावली पर ज्यादातर इकाई बंद रहती हैं। ऐसे में बिजली आपूर्ति में बहुत परेशानी नहीं आती है, लेकिन घरेलू फीडर पर लोड बढ़ने से कई बार दिक्कत हो जाती है।
कंट्रोल रूम में 24 घंटे होती तैनाती
सामान्य दिनों की तरह निर्बाध विद्युत आपूर्ति रहेगी। आपूर्ति में किसी तरह का व्यवधान न आए। इसको लेकर सभी खंडवार समीक्षा कर ट्रांसफार्मर का लोड दुरुस्त कराया गया है। कंट्रोल रूम पर 24 घंटे तैनाती रहेगी।
जेबी सिंह, मुख्य अभियंता विद्युत निगम
