Coronavirus: जिले में जारी मरीजों के स्वस्थ होने का सिलसिला, अब पांच लोगों ने दी कोरोना को शिकस्त
नोएडा जिले में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए लोगों के ठीक होने का सिलसिला जारी है। अब जिले में पांच संक्रमित लोग ठीक हुए हैं।
नोएडा, जागरण संवाददाता। जिले में कोरोना से संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने का सिलसिला जारी है। शनिवार को भी पांच लोग कोरोना को पराजित कर घर गए। इनमें से चार को कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) और एक को शारदा अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। सभी की दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई। जिम्स से घर गए संक्रमितों में पति-पत्नी भी शामिल हैं। जबकि, शारदा से घर भेजा गया मरीज दिल्ली में पॉजिटिव हुआ था। सभी को घर पर 14 दिन तक क्वारंटाइन रहने को कहा गया है।
जिम्स के निदेशक ब्रिगेडियर डॉक्टर (ब्रिगेडियर) राकेश गुप्ता ने बताया कि शनिवार को दो पुरुष और दो महिलाओं को डिस्चार्ज किया गया। इनमें पति-पत्नी भी शामिल हैं। सभी नोएडा के रहने वाले हैं और करीब दो हफ्ते पहले अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हुए थे। उपचार में सभी के आहार का विशेष ध्यान रखा गया। मनोबल बढ़ाए रखने के लिए मेडिकल स्टाफ लगातार बातचीत करते रहे। इससे चारों को स्वस्थ्य होने में काफी मदद मिली। वहीं, शारदा अस्पताल से भी एक संक्रमित को ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया।
शारदा के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के गिरधरपुर निवासी 55 वर्षीय शख्स को शारदा अस्पताल में आठ मई को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद भर्ती किया गया था। वह दिल्ली के आजादपुर मंडी के कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए थे। ठीक होने पर उत्तर प्रदेश शासन के नोडल अधिकारी और शारदा अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉक्टर अभिषेक त्रिपाठी ने डिस्चार्ज पत्र सौंपा। मरीज ने कहा कि सबके सहयोग से स्वस्थ होकर घर जा रहे हैं।
अब तक 178 लोग स्वस्थ होकर जा चुके हैं घर
जिले में कोरोना को मात देकर घर जाने वालों का सिलसिला भी लगातार जारी है। ग्रेटर नोएडा में कोरोना संक्रमितों के उपचार के लिए दो कोविड अस्पताल बनाए गए हैं। जिम्स में 150 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। वहीं, शारदा में 200 बेड का आइसोलेशन वार्ड में मरीजों का उपचार चल रहा है। दोनों अस्पताल से अब तक कुल 178 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। जिम्स से 75 मरीजों को ठीक होने पर घर भेजा जा चुका है। यहां अभी 39 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। वहीं, शारदा से 103 मरीजों को घर भेजा जा चुका है।