Noida Coronavirus Cases Updates: कोरोना संक्रमित मरीज अस्पताल से फरार, एक इंजीनियर का बैग भी ले गया
Noida Coronavirus Cases Updates बृहस्पतिवार को पकड़े जाने पर उसे चाइल्ड पीजीआइ में भर्ती कराया गया। अब वह वहां से भी भाग निकला। उसकी तलाश जारी है।
नोएडा, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में अजब मामला सामने आया है। नोएडा सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआइ कोविड-19 अस्पताल से एक उपराचाधरीन कोरोना संक्रमित युवक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। वह एक इंजीनियर का बैग भी उठाकर ले गया है। बृहस्पतिवार को ही उसे कोविड अस्पताल चाइल्ड पीजीआइ में भर्ती कराया गया था। जानकारी होने पर पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
इससे पहले पिछले महीने की 28 जून को सेक्टर-8 निवासी एक 19 वर्षीय युवक को सेक्टर-20 थाना पुलिस ने मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जेल में बीते दिनों बंदी की कोरोना जांच कराई गई, जिसमें वह पॉजिटिव मिला। उसे निम्स में भर्ती कराया गया था। जहां से वह भाग निकला। इस दौरान फिर पुलिस ने उसे पकड़कर जिम्स में भर्ती करा दिया, लेकिन यहां पर भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर युवक को बृहस्पतिवार शाम चाइल्ड पीजीआइ में भर्ती करा दिया, लेकिन शुक्रवार को वह दोबारा स्वास्थ्य कर्मचारियों को चकमा देकर भाग निकला। युवक 11 दिनों में तीसरी बार अस्पताल से भागा है। पुलिस का कहना है कि वह पूर्व में भी दो बार अस्पताल से भाग चुका है।
बृहस्पतिवार को पकड़े जाने पर उसे चाइल्ड पीजीआइ में भर्ती कराया गया। अब वह वहां से भी भाग निकला। उसकी तलाश जारी है। उधर, चाइल्ड पीजीआइ अस्पताल प्रबंधन ने भी इस संबंध में थाने में तहरीर दे दी है।
यहां पर बता दें कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, वहीं ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। बढ़ते मामले पर लगाम लगाने के लिए शुक्रवार रात से नोएडा में 55 घंटे के लिए लॉकडाउन लगा हुआ है, सोमवार सुबह 5 बजे खत्म होगा।