भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यमुना एक्सप्रेसवे और DND पर की पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात
जेपी नड्डा का गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर स्वागत किया।
नोएडा, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर स्वागत किया। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि जेवर में हवाई अड्डा बनने से क्षेत्र के विकास को पंख लगेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों को लोगों तक पहुंचाएं।
जेवर टोल प्लाजा पर अस्थाई रूप से बनाए गए स्वागत मंच पर नेताओं की भीड़ होने से अव्यवस्था बनी रही। इससे राष्ट्रीय अध्यक्ष का चश्मा कई बार गिरते-गिरते बचा। क्षेत्रीय विधायक ठाकुर वीरेंद्र सिंह ने उन्हें श्रीराम का प्रतीक चिन्ह भेंट किया ।
वहीं डीएनडी फ्लाई ओवर पर भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतमबुद्ध नगर के सांसद महेश शर्मा भी मौजूद रहे।
जेपी नड्डा के स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं की भीड़ और फ्लाईवे पर कार्यकर्ताओं द्वारा वाहनों की पार्किंग कर दी गई। इसकी वजह से दिल्ली से आने वाला मार्ग जाम हो गया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक डीएनडी फ्लाईवे पर जाम लगा रहा।
बता दें कि जेपी नड्डा नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में आगरा में एक रैली करने जा रहे थे। वह सड़क मार्ग से आगरा गए हैं। दरअसल भाजपा नेता देश के विभिन्न शहरों में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रैली कर रहे हैं लोगों को इसके बारे में बता रहे हैं।
दिल्ली और यूपी समेत कई राज्यों में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं। भाजपा का आरोप है कि विपक्ष लोगों को इस कानून के मामले को लेकर गुमराह कर रहा है। यह कानून किसी की नागरिकता छीनने का नहीं बल्कि नागरिकता देने का कानून है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर केंद्रीय मंत्री अमित शाह तक इस बात को कह चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं। सरकार का कहना है कि लोगों को इस कानून के बारे में बताकर उन्हें जागरुक किया जा रहा है।