कोरोना पीड़ितों के लिए बड़ी खबर, क्वारेंटाइन पीरियड का कंपनी नहीं काट सकेगी सैलरी
आपात स्थिति पर काबू पाने के लिए डीएम बीएन सिंह ने सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टी रद कर दी है ताकि अधिकारी व कर्मचारियों को जरूरी दायित्व सौंपा जा सके।
नोएडा, जागरण संवाददाता। कोरोना वायरस की बढ़ती दहशत को देखते हुए डीएम बीएन सिंह ने जिले के सभी सरकारी कर्मचारियों की अग्रिम आदेश तक छुट्टियां निरस्त कर दी है। आपात स्थिति पर काबू पाने के लिए डीएम ने यह निर्णय लिया है, ताकि अधिकारी व कर्मचारियों को जरूरी दायित्व सौंपा जा सके। इस बीच अधिकारियों को केवल विशेष परिस्थितियों पर ही दिया जाएगा।
डीएम ने जारी किया निर्देश
डीएम बीएन सिंह ने सोमवार को यह निर्देश जारी किए। भेजे गए पत्र में अनुसार शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग समेत सभी सरकारी विभागों के कर्मचारियों की छुट्टियां अग्रिम आदेश तक रद कर दी गई हैं। डीएम ने कर्मचारियों व अधिकारियों को आदेश का पालन न करने पर कठोर कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
कंपनी के कर्मचारियों का नहीं कटेगा वेतन
डीएम बीएन सिंह ने कहा कि यदि जिले की किसी भी कंपनी के कर्मचारी को 14 दिनों तक निगरानी पर रखे जाने के दौरान कोई भी कंपनी उनका वेतन नहीं काटेगी। जिले में करीब 3000 कंपनियां संचालित है। यदि किसी भी कंपनी की ऐसी कोई शिकायत सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
रोज बदलेंगे यातायात कर्मियों के मास्क
इधर नई दिल्ली में दिल्ली की यातायात पुलिस के वे कर्मचारी और अधिकारी, जो सड़क पर रहते हैं, उन सभी को प्रतिदिन नए मास्क दिए जाएंगे। वहीं पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सड़क पर जिन भी लोगों से बात करते हैं, उनसे दो मीटर की दूरी बनाकर रखें। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों की जांच के लिए हर बार नई नली का प्रयोग किया जाए। प्रयास किया जाए कि इन लोगों के मुंह व सांस को सूंघने के बजाय एल्कोमीटर से ही जांच की जाए।
यातायात पुलिस कर्मियों को अब तक प्रदूषण से बचने के लिए मास्क दिए जाते हैं। ये मास्क सात दिन से दस दिन की अवधि में बदले जाते हैं। कोरोना के प्रभाव को देखते हुए अब प्रतिदिन मास्क बदलने की सलाह दी गई है। यातायात पुलिस के संयुक्त आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि वे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों से दो मीटर की दूरी बनाकर रखें। इसके अलावा वाहन चालकों के कागजात देखने के बजाय मोबाइल का प्रयोग करें। कोरोना को देखते हुए लोगों से हाथ मिलाने और उन्हें छूने से बचने की सलाह भी दी गई है।