यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP News: पिता की मौत के बाद व्यक्ति के साथ मां फरार, अब मौसी ने बच्ची को दी दर्दनाक यातनाएं
Noida News एक वर्ष पहले बच्ची के पिता की मौत हो गई थी। कुछ माह पहले बच्ची की मां किसी ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, दनकौर। कस्बे में रहने वाली एक महिला ने अपनी चार वर्षीय भांजी को दर्दनाक यातनाएं दी है। बच्ची को घायल अवस्था में छोड़कर आरोपित महिला फरार हो गई। रविवार शाम से घायल बच्ची दनकौर कोतवाली में अपने स्वजन की प्रतीक्षा कर रही है। पुलिस बच्ची के स्वजन की तलाश कर रही है।
एक साल पहले पिता की हुई थी मौत
कुछ वर्षों से बच्ची का परिवार दनकौर कस्बे के गढ़ी मोहल्ला में रहता था। एक वर्ष पहले बच्ची के पिता की मौत हो गई थी। कुछ माह पहले बच्ची की मां किसी व्यक्ति के साथ फरार हो गई। इसके बाद बच्ची अपनी मौसी के साथ रहने लगी। पीड़ित बच्ची ने बताया कि मौसी मारपीट करती है व गृह कार्य में हाथ बंटाने के लिए बाध्य करती है।
बच्ची के चेहरे व गर्दन सहित अन्य हिस्सों में चोट के निशान हैं। शनिवार को मौसी ने काफी मारपीट की, जिससे आंख पर चोट आई है। बच्ची को घायल अवस्था में छोड़कर आरोपित मौसी फरार हो गई है। किसी व्यक्ति ने मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
मौसी की तलाश कर रही पुलिस
मौके पर पहुंची पुलिस घायल बच्ची का उपचार कराकर कोतवाली ले आई। पुलिस आरोपित मौसी सहित अन्य स्वजन की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि बच्ची का उपचार कराया जा रहा है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
