प्रवासी कामगारों को मिलने लगा रोजगार
शनिवार को देवरिया से कामगारों का जत्था आया। यह मजदूर सुपरटेक के सुपरनोवा प्रोजेक्ट में काम करेंगे।
जागरण संवाददाता, नोएडा : रियल एस्टेट संस्था नेरेडको ने हाल ही में यूपी सरकार के साथ एक एमएयू साइन किया था जिसमें 2.5 लाख लोग को रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है। इसकी शुरुआत हो चुकी है। प्रवासी कामगार आने लगे हैं। शनिवार को देवरिया से कामगारों का जत्था आया। यह मजदूर सुपरटेक के सुपरनोवा प्रोजेक्ट में काम करेंगे। इसके साथ ही अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अन्य जगहों से भी कामगार आने वाले हैं जो विभिन्न रियल एस्टेट प्रोजेक्ट पर काम करेंगे।
यूपी नेरडको के अध्यक्ष आरके अरोड़ा ने बताया कि नेरेडको यूपी संस्था प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के सपनों को साकार करने में पूरा सहयोग देने के लिए समर्पित है। देवरिया से आए कामगारों को सुपरनोवा प्रोजेक्ट में काम पर लगा दिया गया है। एनसीआर में रियल एस्टेट में काफी काम है और जो कामगार आएंगे उन्हें रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रियल एस्टेट सेक्टर के पास प्रदेश के एक करोड़ से ज्यादा कामगारों को रोजगार देने की क्षमता है जिन्हें विभिन्न जगहों पर प्रोजेक्ट को काम करने के लिए लगाया जा सकता है।