विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा से फरीदाबाद जाना होगा सुपरफास्ट, मंझावली लिंक रोड को हरी झंडी; नवंबर-दिसंबर से दौड़ेगी गाड़ियां

Published: Tue, 20 Oct 2026 08:12 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा में मंझावली संपर्क मार्ग का निर्माण नवंबर या दिसंबर में शुरू होगा, जिससे फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा के ...और पढ़ें

लिंक रोड बनने के बाद ग्रेटर नोएडा से फरीदाबाद जाना होगा आसान। फोटो: सांकेतिक

लिंक रोड बनने के बाद ग्रेटर नोएडा से फरीदाबाद जाना होगा आसान। फोटो: सांकेतिक

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। मंझावली संपर्क मार्ग का निर्माण नवंबर अंत या दिसंबर में शुरू हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग को संपर्क मार्ग निर्माण के लिए कुछ जमीन पर कब्जा मिलना शेष है। विभाग इसके लिए प्रयास में जुटा है।

विभाग को संपर्क मार्ग निर्माण के लिए प्रदेश सरकार पहले ही 66 करोड़ रुपये आवंटित कर चुकी है। इस मार्ग के बनने से ग्रेटर नोएडा से फरीदाबाद के बीच आवाजाही हो जाएगी।

हरियाणा के फरीदाबाद और उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले मंझावली पुल का निर्माण हो चुका है। हरियाणा के हिस्से में पुल के लिए संपर्क मार्ग भी बन चुका है, लेकिन उत्तर प्रदेश में संपर्क मार्ग न बनने के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अभी नहीं है।

कुछ लोग जोखिम लेते हुए चार पहिया व दो पहिया वाहनों से सफर करते हैं, जिसमेंं हादसे का भय है। उत्तर प्रदेश की सीमा में संपर्क मार्ग निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को दी गई है। 1.7 किमी लंबा चार लेन संपर्क मार्ग बनेगा।

इसके अलावा एक किमी लंबी सड़क को दस मीटर चौड़़ा किया जाएगा व शेष 2.5 किमी सड़क की मरम्मत होगी। सड़क निर्माण के लिए 4.99 हे. जमीन की जरूरत है। इसमें 90 प्रतिशत जमीन विभाग को मिल चुकी है।

विभाग की अधिशासी अभियंता कंचन वर्मा का कहना है कि कुछ जमीन पर अभी कब्जा मिलना शेष है, नवंबर या दिसंबर में संपर्क मार्ग का काम शुरू हो जाएगा। मार्ग निर्माण के लिए पहले ही विभाग को बजट मिल चुका है।

25 दिसंबर को हुआ था शिलान्यास

संपर्क मार्ग के लिए पिछले साल 25 दिसंबर को शिलान्यास किया गया था। इसमें सांसद डा. महेश शर्मा, राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर, हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा शामिल हुए थे।

  • यमुना नदी पर बना है 630 मीटर लंबा चार लेन पुल
  • उप्र. में पुल को जोड़ने के लिए बनेगी 1.7 किमी लंबी सड़क
  • एक किमी सड़क की चौड़ाई 10 मीटर बढ़ाई जाएगी
  • 2.5 किमी लंबी सड़क की मरम्मत होगी।

यह भी पढ़ें- ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर लगेंगे दो टोल, फरीदाबाद से नोएडा एयरपोर्ट जाना होगा महंगा; मोहना वालों ने मांगी छूट