ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर लगेंगे दो टोल, फरीदाबाद से नोएडा एयरपोर्ट जाना होगा महंगा; मोहना वालों ने मांगी छूट
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए बन रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर दो नए टोल प्लाजा लगेंगे, जिससे फरीदाबाद के लोगों पर ...और पढ़ें

एनएचएआई जल्द ही ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर दो और टोल लगाने की तैयारी कर रहा है। फाइल फोटो
HighLights
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर लगेंगे दो नए टोल प्लाजा।
फरीदाबाद से नोएडा एयरपोर्ट यात्रा होगी अधिक महंगी।
मोहना के ग्रामीण टोल में छूट की कर रहे मांग।
सुभाष डागर, बल्लभगढ़ (फरीदाबाद)। जिले के लोगों की जेब पर एक और टोल का आर्थिक बोझ पड़ने वाला है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बना रहा है। इसका उपयोग करने वाले लोगों को मोहना से पहले और एयरपोर्ट के पास टोल देना पड़ेगा। टाेल की दरें जल्द तय हो जाएंगी।
दो और टोल लगाने की तैयारी
एनएचएआई नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए 32 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे 4600 करोड़ रुपये की लागत से बना रहा है। यह 23 किलोमीटर हरियाणा और नौ किलोमीटर उत्तर प्रदेश सीमा में बनाया जा रहा है। इस रोड का उपयोग करने वाले लोगों के लिए मोहना गांव से पहले और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहले दो जगह पर टोल लगाए जाएंगे। इनका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इससे शहर के लोगों को आर्थिक रूप से और बोझ उठाना पड़ेगा।
फरीदाबाद के लोग इन स्थानों पर देते हैं टोल
फरीदाबाद के लोगों को राजमार्ग पर दिल्ली बदरपुर बार्डर और पलवल व फरीदाबाद के बीच में गदपुरी दो जगह पर टोल देना पड़ता है। केजीपी के लिए मौजपुर प्लाजा पर टोल देना पड़ता है। फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर मांगर के पास, बल्लभगढ़-सोहना रोड पर धाैज के पास जिले के लोगों को टोल देना पड़ता है। अब स्थानीय लोगों को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर मोहना के पास टोल देना होगा है।
मोहना और आसपास के गांवों के ग्रामीण होंगे ज्यादा प्रभावित
मोहना, जल्हाका, छांयसा, हीरापुर, नरहावली, बागरपुर, सोलड़ा, भोलडा, राजपुर, दोस्तपुर, बलई, थंथरी, अमरपुर, कुलैना के ग्रामीणों को बल्लभगढ़ की तरफ आने-जाने पर टोल की अदायगी ज्यादा करनी होगी। इन गांवों के लोग जल्दी शहर पहुंचने के लिए इस एक्सप्रेसवे का प्रयोग करेंगे। यदि एक्सप्रेसवे का प्रयोग करेंगे तो टोल देना पड़ेगा।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर टोल बनाते समय एनएचएआई को मोहना व आसपास के गांवों को कुछ छूट देने का प्रविधान करना चाहिए। क्योंकि इन गांवों के लोग बल्लभगढ़-फरीदाबाद आने-जाने के लिए एक्सप्रेसवे को ज्यादा उपयोग करना चाहेंगे।
-नंदलाल मोहना
जिले के लोग पहले ही शहर से बाहर दूसरे शहरों को आने-जाने के लिए टोल दे रहे हैं। चारों तरफ टोल को देने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए एनएचएआई को टोल की दरों को सस्ता रखना चाहिए ताकि लोगों के जेब पर ज्यादा भार न पड़े।
-मनोज अत्री
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा मोहना के पास और दूसरा एयरपोर्ट के नजदीक बनाया जाएगा। आसपास के गांवों को टोल पर छूट देने के बारे में फिलहाल कुछ भी कहना मुश्किल है। जो भी टोल की दरें होंगी और किस स्तर पर आसपास के ग्रामीणों को राहत मिलेगी, वह मंत्रालय की शाखा द्वारा नोटिफिकेशन किए जाने के बाद ही बताया जा सकता है।
-धीरज सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआई।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के इस थाने में होती है 9 सिर वाले रावण की पूजा, पुलिस करती है दिन-रात रखवाली
