विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा एयरपोर्ट के पास जेवर में 15 हजार करोड़ का औद्योगिक निवेश, 10 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

Published: Mon, 11 May 2026 11:45 PM (IST)

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास जेवर में यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में लगभग 15 हजार करोड़ रुपये का औद्योगिक निवेश होने ...और पढ़ें

जेवर में 15 हजार करोड़ रुपये का औद्योगिक निवेश होने जा रहा है।

जेवर में 15 हजार करोड़ रुपये का औद्योगिक निवेश होने जा रहा है।

HighLights

  1. जेवर में 15 हजार करोड़ का औद्योगिक निवेश प्रस्तावित।

  2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 मई को करेंगे शिलान्यास।

  3. दस हजार युवाओं को मिलेगा प्रत्यक्ष रोजगार का अवसर।

मनोज कुमार शर्मा, जेवर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के जेवर में आने के साथ ही यमुना प्राधिकरण में हुए औद्योगिक निवेश को अगले साल होने वाले चुनाव से पहले धरातल पर उतारने की तैयारी है। इसका फायदा युवाओं के रोजगार के अलावा कारोबार में दिलचस्पी रखने वाले लोगों को होगा।

यीडा के नए विकसित हो रहे औद्योगिक सेक्टरों में कई बड़ी इकाईयों को जमीन आवंटित की गई है इसी महीने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगभग 15 हजार करोड़ रूपये के निवेश से दस हजार रोजगार देने वाली पांच इकाईयों का शिलान्यास करने जेवर आ सकते हैं।

जेवर के आसपास के गांव आकलपुर, म्याना, थोरा, दयौरार, धनसियां में बने सेक्टर दस,आठ और आठ डी की औद्योगिक इकाईयों और फिल्म सिटी के शिलान्यास का प्रस्तावित कार्यक्रम 29 मई को संभावित है।

जल्द शिलान्यास करते हुए काम तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर

बंगाल में मिली प्रचंड जीत के बाद भाजपा का पूरा ध्यान अगले साल होने वाले प्रदेश के चुनाव पर केंद्रित है। ऐसे में सरकार के प्रयासों से प्रदेश में स्थापित हो रही बड़ी औद्योगिक इकाईयां जिनसे बड़े निवेश के साथ ही युवाओं को बंड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे, उनके जल्द से जल्द शिलान्यास करते हुए काम तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर है।

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सुरक्षित माहौल के साथ ही इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अलावा मल्टी माडल कनेक्टिविटी को देखते हुए कई बड़ी कंपनियों ने निवेश करने का फैसला लिया है। यमुना प्राधिकरण ने एस्कार्ट कुबौटा को सेक्टर दस में 154 एकड़ का भूखंड आवंटित किया है।

कंपनी इसमें ट्रैक्टर व निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले उपकरणों का निर्माण करेगी। कंपनी में 2029 करोड़ का निवेश और चार हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। कंपनी ने इसी महीने 29 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ के हाथों शिलान्यास का समय मांगा है। सूत्रों की माने तो मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

यीडा के सेक्टर आठ और आठ डी में भी बड़ा निवेश

सील सोलर पी 6 प्रा. लि. सोलर सेल बनाने वाली कंपनी यीडा के सेक्टर आठ में दो सौ एकड़ जमीन पर 8253 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। कंपनी के इतने बड़े निवेश से क्षेत्र में औद्योगिक विकास के साथ ही लगभग ढ़ाई हजार युवाओं को रोजगार के अवसर भी देगी।

प्रदेश की पहली एआइ सिटी के लिए भी सेक्टर आठ डी में जमीन दी गई है। इसे एएम ग्रीन इंडिया प्रा. लि. विकसित करेगी। सीएनएच इंडस्ट्रियल इंडिया प्रा लि को सेक्टर 8डी में 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। यूनिट में ट्रैक्टर निर्माण किया जाएगा। इकाई में 1219.81 करोड़ रुपये का निवेश और लगभग 1200 लोगों को रोजगार मिलेगा।

सन ऑर्गेनिक इंडस्ट्रीज प्रा लि को भी सेक्टर 8डी में 30 हजार वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई है। इसमें ड्राई फ्रूट प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट लगाई जाएगी। परियोजना में करीब 225.16 करोड़ रुपये का निवेश और इसके जरिये 569 लोगों को रोजगार मिलेगा।

यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट की रोड कनेक्टिविटी होगी बेहतर, एक्सप्रेसवे इंटरचेंज का काम होने पर पहुंच होगी आसान