ग्रेटर नोएडा में चकाचक होंगी गांवों को जोड़ने वाली सडकें, हजारों लोगों का सफर होगा आसान
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। कुलीपुरा ...और पढ़ें

HighLights
ग्रेटर नोएडा के गांवों में संपर्क मार्गों की मरम्मत शुरू।
कई महत्वपूर्ण सड़कों का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
जल निकासी के लिए आरसीसी नाली का निर्माण भी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों को दुरुस्त करने का काम शुरू हो गया है। वर्क सर्किल-आठ के कुलीपुरा से पंचायतन, मंडीश्याम नगर से देवटा वाया अस्तौली फाटक सहित आधा दर्जन से अधिक सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा।
रविवार को अस्तौली से कूड़ा निस्तारण केंद्र परिसर को जोड़ने वाली सड़क की मरम्मत का काम शुरू किया गया। इससे दनकौर- सिकंद्राबाद मार्ग पर पहुंचना आसाना हो जाएगा। प्राधिकरण के मुताबिक सिकंद्राबाद-दनकौर मार्ग से जुनैदपुर मढ़ैया की सड़क का काम पूरा हो गया है।
जल निकासी के लिए बनेगी आरसीसी नाली
इस माह पांच सड़कों की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा वर्षों पहले बनाई गई सड़कें जगह-जगह पर टूट गई हैं। इन सड़कों की मरम्मत के साथ जल निकासी के लिए आरसीसी नाली का निर्माण भी किया जा रहा है।
वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह ने बताया कि दनकौर- सिकंद्राबाद मार्ग से जुनैदपुर मढ़ैया की सड़क का काम पूरा हो गया है। इस सड़क की लंबाई लगभग तीन किलोमीटर है। वहीं कुलीपुरा से पंचायतन और मंडीश्याम नगर से वाया देवटा अस्तौली फाटक की सड़क का काम चल रहा है। पीडब्ल्यूडी से अनुमति लेकर मरम्मत का काम किया जा रहा है।
सिकंद्राबाद-दनकौर मार्ग से जुनैदपुर मढ़ैया, कासना खेरली मार्ग से चीरसी एवं रामपुर माजरा से दलेलगढ़ और पौवारी से दादूपुर दनकौर आदि मार्गों को चमकाने का काम किया जाएगा। एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि सर्वेक्षण कर टूटी सड़कों को चिह्नित कर लिया गया है। चरणबद्ध तरीके से सभी जरूरी विकास कार्य कराए जाएंगे।
