ग्रेटर नोएडा में बनेगा लॉजिस्टिक और ट्रांसपोर्ट हब, स्थानीय युवाओं को मिलेंगे बंपर रोजगार
ग्रेटर नोएडा में मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक हब के लिए जमीन अधिग्रहण की अड़चनें दूर हो रही हैं, जिससे विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
जमीन अधिग्रहण की अड़चनें दूर, सीधी खरीद प्रक्रिया शुरू।
मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक हब का निर्माण होगा।
स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। लंबे समय से प्रतीक्षित मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब (एमएमटीएच) और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब (एमएमएलएच) के लिए जमीन की अड़चनें अब दूर होने लगी हैं।
मुआवजा दरें बढ़ने के बाद प्राधिकरण ने जमीन की सीधी खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्राधिकरण की टीमें सीधे गांवों में जाकर किसानों से संवाद करेंगी और आपसी सहमति से बैनामा कराएगी।
पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए गांवों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। शेड्यूल के अनुसार पहली टीम 16, 17 और 18 सितंबर को बील अकबरपुर, चमरावली रामगढ़ और चिटेहरा गांव में कैंप लगाएगी।
मौके पर ही मौजूद रहेंगे प्रशासनिक अधिकारी
दूसरी टीम 16, 17, 18 और 21 सितंबर को दतावली, हजरतपुर, चमरावली बोड़ाकी और पल्ला गांव में किसानों से वार्ता कर कागजी कार्रवाई पूरी करेगी।
मौके पर ही प्रशासनिक और प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहेंगे। इन दोनों मेगा प्रोजेक्ट्स के धरातल पर आने से दिल्ली-एनसीआर का परिवहन और लॉजिस्टिक ढांचा मजबूत होगा।
लॉजिस्टिक हब बनने से वेयरहाउसिंग, मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई चेन सेक्टर में भारी निवेश आएगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
प्राधिकरण का कहना है कि किसानों के सहयोग से जमीन मिलते ही निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी, जिससे ग्रेटर नोएडा उत्तर भारत के प्रमुख आर्थिक केंद्र के रूप में उभरेगा।
यह भी पढ़ें- YEIDA में निवेश का बड़ा मौका, स्कूल-कॉरपोरेट ऑफिस के 19 प्लॉट की योजना लॉन्च; 16 अक्टूबर तक करें आवेदन
