ग्रेटर नोएडा के लोगों को मिलने जा रहा नया टूरिस्ट स्पॉट, इस 'अद्भुत भारत पार्क' में क्या होगा खास?
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण डी-पार्क में 'वेस्ट टू वंडर' थीम पर आधारित अद्भुत भारत पार्क बनाने जा रहा है, जिस पर लगभग 17.06 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
ग्रेटर नोएडा में 'वेस्ट टू वंडर' थीम पर बनेगा पार्क।
कबाड़ से बनेंगे देश के प्रसिद्ध स्मारकों की प्रतिकृतियां।
17.06 करोड़ रुपये की लागत से 20 साल के लिए विकसित।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शहर में वेस्ट टू वंडर थीम पर आधारित अद्भुत भारत पार्क बनाने जा रहा है। यह पार्क डी-पार्क में विकसित किया जाएगा।
इस परियोजना पर करीब 17.06 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए प्राधिकरण ने ई-निविदा जारी कर दी है। पार्क को रेवेन्यू शेयर माडल पर 20 साल के लिए विकसित किया जाएगा।
शहरवासियों को मिलेगा नया पर्यटन स्थल
इसमें डिजाइन, इंजीनियरिंग और डेवलपमेंट का पूरा कार्य चयनित एजेंसी द्वारा किया जाएगा। प्राधिकरण के अनुसार कबाड़ और अनुपयोगी सामग्री से देश के प्रसिद्ध स्मारकों और कलाकृतियों की प्रतिकृतियां बनाकर इस पार्क को आकर्षक बनाया जाएगा।
दिल्ली के वेस्ट टू वंडर पार्क की तर्ज पर इसे विकसित करने की योजना है, ताकि शहरवासियों को एक नया पर्यटन स्थल मिल सके और स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़े।
29 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं अपलोड
29 सितंबर तक आवेदन पोर्टल पर अपलोड किए जा सकेंगे। एक अक्टूबर को प्री-क्वालिफिकेशन बैठक होगी। इससे पहले भी प्राधिकरण ने अद्भुत पार्क के लिए निविदा जारी किया था, लेकिन वित्त विभाग की आपत्ति के बाद इसे निरस्त कर दिया गया था। अब दोबारा से प्राधिकरण ने निविदा जारी कर आवेदन मांगा है।
