ग्रेटर नोएडा में बच्चा चोर का पर्दाफाश, पुलिस मुठभेड़ में 3 बदमाश घायल, महिला समेत 7 गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा की कासना पुलिस ने नाबालिग बच्चे के अपहरण और तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। ...और पढ़ें
-1792244479943_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
कासना पुलिस ने बच्चे के अपहरण गिरोह का पर्दाफाश किया।
मुठभेड़ में 3 बदमाश घायल, 5 अभियुक्त और 2 महिलाएं गिरफ्तार।
अपहृत बच्चा सकुशल बरामद, अवैध हथियार और नकदी जब्त।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। थाना कासना पुलिस ने नाबालिग बच्चे के अपहरण और तस्करी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 5 अभियुक्तों और 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
मुठभेड़ में 3 बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। उनके कब्जे से अपहृत बच्चा, अवैध तमंचे, तस्करी से मिले नगद रुपये, घटना में प्रयुक्त कार और मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस का एक्शन
पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को वादी ने कोतवाली में सूचना दी कि 13 अक्टूबर को उनका 6 वर्षीय बेटा घर से खेलते-खेलते कहीं चला गया है और वापस नहीं आया। पुलिस केस दर्ज कर बच्चे की तलाश में लगी थी। कासना पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि कुछ बदमाश ग्राम डाढा के पास बच्चा चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
3 बदमाशों को लगी गोली
सूचना पर पुलिस ने ग्राम डाढा गोल चक्कर के पास चेकिंग शुरू की। तभी सामने से आ रही संदिग्ध औरा कार नंबर यूपी23बीटी5621 को रुकने का इशारा किया, तो कार सवार भागने लगे। पीछा करने पर कार पेड़ से टकराकर रुक गई। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में 3 बदमाश घायल हो गए।
आरोपितों की हुई पहचान
उनकी पहचान गुरमीत सिंह पुत्र महीपाल, सुमित कुमार पुत्र अशोक कुमार और अंकित कुमार पुत्र गंगादास निवासी ननई थाना रहरा जिला अमरोहा के रूप में हुई। तीनों वर्तमान में सेक्टर-68 नोएडा और कासना के 6 प्रतिशत में रह रहे थे। उनके पास से 3 अवैध तमंचे, 3 खोखा और 3 जिंदा कारतूस, 1.50 लाख रुपये नगद और कार बरामद हुई।
बदमाशों की निशानदेही पर 2 अन्य साथी विकास पुत्र धर्मपाल सिंह और नकुल पुत्र धर्मपाल सिंह को डाढा गोल चक्कर से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल स्प्लेंडर नंबर एचपी12एम0780 और 20-20 हजार रुपये बरामद हुए।
सकुशल मिला बच्चा
वहीं 2 महिला अभियुक्ता पुष्पा पत्नी गजराज निवासी 6 प्रतिशत कासना और कमलेश पत्नी ओम प्रकाश निवासी तुगलकाबाद दिल्ली को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अपहृत बच्चा सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में अंकित ने बताया कि उसने साथी नकुल के साथ मिलकर काशीराम अस्पताल के सामने से मोटरसाइकिल से बच्चे का अपहरण किया था।
फिर गुरमीत, सुमित और विकास के साथ मिलकर औरा गाड़ी से गाजियाबाद ले गए। सुमित ने बताया कि उसकी मामी पुष्पा ने बताया था कि दिल्ली निवासी कमलेश को एक नाबालिग बच्चा चाहिए और इसके बदले अच्छे पैसे मिलेंगे।
योजना के तहत 13 अक्टूबर की शाम बच्चे को उठाया। बच्चे को बेचने पर 2 लाख रुपये मिले थे और 2.50 लाख रुपये बाद में मिलने थे। पुष्पा के पास से 32,800 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।
