विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रैपिडो ड्राइवर वारदात से पहले करता था रेकी, मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार; नोएडा की कई घटनाओं का खुलासा

Published: Sat, 06 Jun 2026 04:59 AM (IST)Updated: Sat, 06 Jun 2026 06:56 AM (IST)

ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक रैपिडो चालक भी शामिल है, जो बंद मकानों की रेकी करता था।

भोले उर्फ भोला पेशे से रैपिडो चालक। एआई जनरेटेड

भोले उर्फ भोला पेशे से रैपिडो चालक। एआई जनरेटेड

HighLights

  1. ग्रेटर नोएडा में पुलिस मुठभेड़ के बाद चार बदमाश गिरफ्तार।

  2. रैपिडो चालक करता था बंद घरों की रेकी।

  3. 52 लाख के गहने, 11 लाख नकद बरामद।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

मुठभेड़ में गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए, दो साथियों को कांबिंग में गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के कब्जे से 52 लाख के गहने और 11 लाख 27 हजार रुपये नगदी बरामद हुई है।

डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मोजर बियर गोल चक्कर के पास सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध आते दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

वहीं, जवाबी कार्रवाई में वकील उर्फ रिजवान और सरफराज उर्फ फैज घायल हो गए। दो साथी भोले उर्फ भोला और अलीजान को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में पता चला कि भोले उर्फ भोला पेशे से रैपिडो चालक है। वह विभिन्न सोसायटियों में सवारी के बहाने आते जाते बंद मकानों की रेकी कर साथियों को देता था। रात में चोरी की वारदात अंजाम देते थे।

तीन मकानों में चोरी की घटनाएं कबूल की

आरोपितों ने सूरजपुर की पैरामाउंट सोसायटी में 25 अप्रैल को एक मकान से चोरी करने का जुर्म कुबूल किया। यहां से चोरी की 100 ग्राम के एक सोने के बिस्किट, दो 50-50 ग्राम के सोने के बिस्किट, सोने की चेन, हार, झुमके, अंगूठियां, कंगन, लाकेट, नोज पिन, चांदी की पायल, बिछिया और 8.50 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं।

इसी तरह 26 अक्टूबर को ग्राम जैतपुर में की चाेरी से गहने बेच कर मिले 2.55 लाख रुपये बरामद किए। इसके अलावा सेक्टर-144 स्थित मगध एन्क्लेव में तीन अप्रैल 2026 को मकान में चोरी के बेचे सामान के 15 हजार रुपये बरामद हुए।

आरोपियों के कब्जे से 300 ग्राम सोने के गहने बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 300 ग्राम सोने के गहने बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई जा रही है। 450 ग्राम चांदी के गहने, 11 लाख 27 हजार रुपये नकद, दो बाइक और चार अवैध तमंचे भी बरामद किए गए हैं।

गिरोह के सदस्यों के खिलाफ यूपी के कई जिलों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मामले दर्ज हैं। मुख्य आरोपित वकील विभिन्न जिलों में 30 से अधिक आपराधिक मामले, सरफराज पर 17 , भोले और अलीजान पर भी कई मामले दर्ज हैं।