विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में लिवइन पार्टनर ने पिस्टल से खुद को मारी गोली, हेड कांस्टेबल की पत्नी की वीडियो कॉल से हुआ विवाद

Published: Sat, 07 Feb 2026 01:04 AM (IST)

ग्रेटर नोएडा में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल आशीष पंवार की लिवइन पार्टनर ने उनकी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-16 बी स्थित श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी के टावर 7 के 1203 नंबर फ्लैट में महिला द्वारा आत्महत्या का किए गए प्रयास के बाद जांच करती पुलिस। जागरण

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-16 बी स्थित श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी के टावर 7 के 1203 नंबर फ्लैट में महिला द्वारा आत्महत्या का किए गए प्रयास के बाद जांच करती पुलिस। जागरण

HighLights

  1. लिवइन पार्टनर ने पुलिसकर्मी की पिस्टल से खुद को गोली मारी।

  2. पत्नी के वीडियो कॉल के बाद विवाद होने पर घटना हुई।

  3. युवती आईसीयू में, हेड कांस्टेबल उकसाने में गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र की हाइराइज सोसायटी में दोस्तों के साथ पार्टी के दौरान दिल्ली पुलिस के विवाहित हेड कांस्टेबल आशीष पंवार (34) की लाइसेंसी पिस्टल से लिवइन में रहने वाली प्रेमिका ने खुद की कनपटी पर गोली मार ली। अस्पताल के आईसीयू में उसकी हालत नाजुक बनी है। आरोपित की पत्नी द्वारा वीडियो काॅल करने पर प्रेमिका से विवाद के बाद घटना हुई। युवती के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।

फ्लैट युवती के प्राॅपर्टी डीलर सहयोगी का

घटना ग्रेनो के सेक्टर-16 बी स्थित श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी के टावर-7 के नंबर 1203 फ्लैट में हुई। फ्लैट युवती के प्राॅपर्टी डीलर सहयोगी नीरज का है। हेड कांस्टेबल आशीष मूल रूप से बागपत जिले के ककड़ीपुर गांव का रहने वाला है। वह दिल्ली के कालिंदी कुंज थाने में तैनात है। वर्तमान में वह गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में किराए पर रहता है।

देर रात तक शराब पार्टी चली

पुलिस के अनुसार नीरज ने बृहस्पतिवार को फ्लैट में पार्टी रखी थी। आरोपित अपनी प्रेमिका के साथ शामिल होने अपनी सर्विस रिवाल्वर व पिस्टल लेकर पहुंचा था। दोनों असलहे एक कमरे में मेज पर रखे थे। पार्टी में युवती की सहेली करुणा व उसका भाई और एक अन्य युवक भी शामिल हुए थे। देर रात तक शराब पार्टी चली। रात करीब 12 बजे आरोपित के मोबाइल फोन पर उसकी पत्नी ने वाट्सएप काॅल की।

शराब की बोतलें व अन्य साक्ष्य जुटाए

इसी बात को लेकर आरोपित व प्रेमिका के बीच विवाद हुआ। घटना से आहत युवती ने रात करीब एक बजे दूसरे कमरे में पिस्टल दाहिनी कनपटी पर सटा कर खुद को गोली मार ली। धमाके की आवाज सुनकर सोसायटी के सुरक्षा कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटना स्थल की जांच कर असलहे, शराब की बोतलें व अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। अस्पताल में डाॅक्टरों से युवती की स्थिति की जानकारी ली।

नाम बदल कर युवती को कराया भर्ती

बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपित व अन्य घायल युवती को बोरे में लपेट कर बाहर ले जा रहे थे। सुरक्षा गार्ड के रोकने पर कार से लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां डाक्टरों से युवती को सड़क हादसे में घायल होना बता फर्जी नाम पूजा बता कर भर्ती कराया था। घटना संदिग्ध प्रतीत होने पर डाक्टरों ने पुलिस को सूचना दी।

प्राथमिक जांच में गन शाट से इंजरी की पुष्टि कर पुलिस को सूचना दी। आरोपित के पास से मिले हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड में उसकी पत्नी का नाम पूजा दर्ज मिला। नगद पैसे न होने से आरोपित ने कार्ड से प्रेमिका को पत्नी के नाम से भर्ती कराने की कोशिश की।

यथार्थ सुपर स्पेशिएलिटी हाॅस्पिटल ग्रेटर नोएडा वेस्ट के प्रबंधन के मुताबिक युवती को कल रात गंभीर अवस्था में देर रात अस्पताल लाया गया था। डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेषज्ञ टीम युवती की स्थिति में सुधार लाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल उसकी हालत अभी अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

छह माह से रह रहे थे लिवइन में

घायल प्रेमिका मूलरूप से मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी है। वह टेकजोन चार स्थित गौर सौंदर्यम सोसायटी में रह कर प्रापर्टी डीलिंग का काम करती है। हेड कांस्टेबल व युवती पांच वर्ष से संपर्क में थे और पिछले छह माह से लिवइन में रह रहे थे। दोनों शादी करना चाहते थे। युवती के स्वजन को भी जानकारी थी, वह भी सहमत थे। पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि आरोपित व प्रेमिका ने कुछ समय पहले हरिद्वार गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी। जिसे पहली पत्नी से तलाक प्रक्रिया पूरी नहीं होने से सार्वजनिक नहीं किया था।

काेर्ट में दे रखी तलाक की अर्जी

राहुल पंवार विवाहित है, उसके दो बच्चे हैं। विवाद के चलते पत्नी से तलाक के लिए आरोपित ने कोर्ट में अर्जी दे रखी थी। पत्नी दोनों बच्चों के साथ मायके में रहती है। अभी तलाक नहीं होने से पहली पत्नी आए दिन आरोपित को फोन करती थी। इसी को लेकर प्रेमिका मानसिक तनाव में थी और जल्द अपनी शादी को सार्वजनिक करने का दबाव बना रही थी। इसी को लेकर पत्नी की काल आने के बाद विवाद हुआ था।

"प्रारंभिक जांच में पार्टी के दौरान आपसी विवाद के बाद युवती द्वारा आरोपित कांस्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारना प्रतीत हो रहा है। घायल युवती का इलाज जारी है। आरोपित को गिरफ्तार कर हथियार दोनों असलहा जब्त किए हैं। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।"

-आरके गौतम, एडीसीपी सेंट्रल नोएडा जोन

यह भी पढ़ें- नोएडा में 19 से 22 फरवरी तक फ्लावर शो, फूलों से बनेगा 40 फीट का केदारनाथ मंदिर और करेले से हाथी