ग्रेटर नोएडा में युवक को दिनदहाड़े दौड़ाकर गोलियां मारीं, CCTV में कैद हुई खौफनाक मौत
ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हिंसक हो गया। सचिन और उसके साथियों ने नितिन पर फायरिंग कर दी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में थाना ईकोटेक प्रथम क्षेत्र के ग्राम लुक्सर में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि सचिन और उसके साथियों ने ताबड़तोड़ कई गोलियां मारकर नितिन की हत्या कर दी।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग घायल नितिन को तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।।
वहीं, कासना व ईकोटेक-1 कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर स्वाट टीम ने लुक्सर में युवक की हत्या के एक आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ईकोटेक-वन कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों का आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर की शह पर ही आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।

हमलावर दौड़ाकर मारते हैं गोली
ये खौफनाक वारदात सीसीटीवी में कैद हाे गई। हमलावर युवक नितिन के पीछे आते और खतरे का एहसास होते ही नितिन भागता है। इसके बाद हमलावर नितिन को दौड़ाकर गोली मार देते हैं।

दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी, जिसके चलते यह वारदात हुई। बताया जा रहा है हमलावर पक्ष के एक व्यक्ति की वर्ष 2024 में हत्या की गई थी, जिसमें नितिन मुख्य आरोपित था।

दो आरोपियों को हिरासत में लिया
स्वजन की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया। पुलिस टीमें गठित की गई है। सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। बाकी की तलाश जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियातन क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।
