विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोर्ट की तारीख से पहले कत्ल का खूनी बदला, हत्या का मुख्य आरोपी था नितिन; पिछले साल रक्षाबंधन पर मिली थी जमानत

Published: Tue, 24 Feb 2026 02:56 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में नितिन नागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह कोर्ट पेशी पर जा ...और पढ़ें

HighLights

  1. नितिन नागर की ग्रेटर नोएडा में गोली मारकर हत्या

  2. कोर्ट पेशी पर जाते समय हमलावरों ने दागी गोलियां

  3. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। थाना ईकोटेक प्रथम क्षेत्र के लुक्सर गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब घर से कोर्ट पेशी के लिए निकल रहे नितिन नागर पर गली में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

नितिन पेशी पर जाने के लिए अपने घर से निकलकर गली में खड़ी गाड़ी लेने जा रहा था। तभी पीछे से आए हमलावरों ने उस पर अचानक गोलियां चला दीं। नितिन भाग, लेकिन हमलावारों ने फायरिंग करते हुए उसका पीछा किया।

पहली गोली लगते ही नितिन भागने की कोशिश में आगे बढ़ा, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने पिस्टल दोबारा लोड की और सड़क पर गिरे नितिन पर कई राउंड फायर किए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल नितिन को परिजन और स्थानीय लोग गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई।

Capture 1

बच्चों के बीच चली गोलियां, बड़ा हादसा टला

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि जिस समय नितिन पर हमला हुआ, उस वक्त गली में कई बच्चे खेल रहे थे। जब हमलावरों ने फायरिंग शुरू की और नितिन जान बचाने के लिए भागा, तभी सामने खड़े दो बच्चों में से एक उससे टकरा गया।

नितिन के साथ हुई टक्कर में एक बच्चा उछलकर दूर जा गिरा। गनीमत रही कि इस दौरान किसी भी बच्चे को गोली नहीं लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद अभिभावकों में दहशत का माहौल है।

Capture

रक्षाबंधन पर जमानत पर बाहर आया था नितिन 

पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावरों और नितिन के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। करीब एक वर्ष पहले हमलावर पक्ष के एक व्यक्ति की हत्या हुई थी, जिसमें नितिन मुख्य आरोपित था।

वह पिछले वर्ष रक्षाबंधन से तीन दिन पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था। सोमवार को उसी मामले में कोर्ट में उसकी तारीख थी और वह पेशी के लिए ही घर से निकला था। आरोप है कि गेट के पास ही चाकू और पिस्टल से उस पर हमला किया गया।

Capture 4

थाना ईकोटेक प्रथम क्षेत्र की पुलिस ने नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, दिनदहाड़े युवक की हत्या कर हमलावर फरार; खौफनाक वारदात CCTV में कैद