ग्रेटर नोएडा में मेट्रो की तर्ज पर हर 15 मिनट में मिलेगी ई-बस, 4 नए रूट शुरू; एयरपोर्ट तक सफर होगा आसान
ग्रेटर नोएडा में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करते हुए ई-बसों का बेड़ा 25 से बढ़कर 35 हो गया है और ...और पढ़ें

अब हर 15 मिनट में मिलेगी ई बसें। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
ई-बसों का बेड़ा 25 से बढ़कर 35 हुआ
ग्रेटर नोएडा में चार नए रूट शुरू किए गए
हर 15 मिनट पर मिलेगी ई-बस सेवा
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए चार नए रूटों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है। इसके साथ ही शहर में ई-बसों की संख्या 25 से बढ़ाकर 35 कर दी गई है।
यात्रियों की मांग के आधार पर बसों की संख्या और बढ़ाने की योजना है, ताकि लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर न रहना पड़े।
4 से बढ़कर 8 हुए ई-बसों के रूट
ग्रेटर नोएडा में पहले चार मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसें चल रही थीं। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अब रूटों की संख्या बढ़ाकर आठ कर दी गई है। नए रूटों से परी चौक, कासना, सूरजपुर, जगत फार्म, नॉलेज पार्क और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान होगा।
खासकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गौर यमुना सिटी और दनकौर-बिलासपुर क्षेत्र के लोगों को इन बसों से सीधा लाभ मिलेगा।
बसों की संख्या 25 से बढ़ाकर 35 की
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बस सेवा से जोड़ने और जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सुधारने के लिए जून में 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया था। इनमें से 25 बसें ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, 25 यमुना प्राधिकरण और 50 नोएडा प्राधिकरण की ओर से चलाई जा रही हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक अर्बन सर्विसेज सन्नी यादव ने बताया कि जिन मार्गों पर अधिक यात्री मिल रहे हैं, वहां बसों की संख्या बढ़ाई गई है। सर्वेक्षण के आधार पर यह फैसला लिया गया है। आगे भी यात्रियों की संख्या का आकलन कर चरणबद्ध तरीके से बसें बढ़ाई जाएंगी।
सभी 8 रूटों पर जानिए कहां से कहां तक चलेंगी बसें
रूट | ई-बस का मार्ग |
|---|---|
1 | बोटेनिकल गार्डन – चार मूर्ति चौक – सूरजपुर – कासना गांव |
2 | नोएडा सिटी सेंटर – सेक्टर-37 – फेज-2 – परी चौक – कासना गांव |
3 | नोएडा सिटी सेंटर – सेक्टर-62 – चार मूर्ति चौक – गौर यमुना सिटी – नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट |
4 | नोएडा सिटी सेंटर – सेक्टर-62 – चार मूर्ति चौक – परी चौक – यमुना सिटी मिर्जापुर कट |
5 | नोएडा सेक्टर-37 – फेज-2 – परी चौक – बिलासपुर – दनकौर टाउन |
6 | बोटेनिकल गार्डन – एडवांट बिल्डिंग – परी चौक – गौर यमुना सिटी – नोएडा एयरपोर्ट |
7 | एडवांट बिल्डिंग – नॉलेज पार्क-1 – स्वर्ण नगरी – जगत फार्म – नॉलेज पार्क-2 |
8 | बोटेनिकल गार्डन – एडवांट बिल्डिंग – परी चौक – मिर्जापुर कट |
सभी सेक्टरों और आसपास के कस्बों को जोड़ने की योजना
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि सार्वजनिक परिवहन को आमजन के लिए सुगम और सस्ता बनाने पर काम किया जा रहा है। यात्रियों की मांग और सर्वेक्षण के आधार पर नए रूट शुरू किए जा रहे हैं और बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
प्राधिकरण की योजना ग्रेटर नोएडा के सभी सेक्टरों और आसपास के कस्बों को ई-बस सेवा से जोड़ने की है। वातानुकूलित और कम किराए वाली ये बसें प्रदूषण रहित हैं।
