ग्रेटर नोएडा: एक मूर्ति यू-टर्न पर कार में लगी आग, दशहरा मेले से लौट रहे लोग जाम में फंसे
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक मूर्ति यू-टर्न के पास मंगलवार रात एक चलती कार में शॉर्ट सर्किट से आग लग ...और पढ़ें

एक मूर्ति यू-टर्न पर जाम और कार की आग को बुझाते दमकलकर्मी।
HighLights
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग।
चालक सुरक्षित बचा, दमकल ने आग पर पाया काबू।
दशहरा मेले के कारण पहले से लगे जाम में वृद्धि।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मंगलवार रात एक मूर्ति यू-टर्न के पास एक कार के इंजन में शार्ट सर्किट से आग लग गई। गनीमत रही कि कार सवार समय रहते बाहर निकल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। वहीं दशहरा मेले की भीड़ के चलते क्षेत्र में पहले से ही जाम की स्थिति थी। इसके चलते वाहन चालक परेशान हुए।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 7:45 बजे एक मूर्ति यू-टर्न के पास चलती कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते इंजन के पास आग भड़क उठी। कार सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
10 मिनट में पाया आग पर काबू
सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया। आग बुझाए जाने तक यातायात को कुछ देर के लिए रोका गया था।
दूसरी ओर, ईकोटेक-12 से एक मूर्ति गोलचक्कर तक दशहरा मेले के चलते पहले से ही जाम की स्थिति बनी हुई थी। रावण दहन देखने जा रहे लोगों के वाहनों का दबाव बढ़ने से मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
कार में आग लगने से जाम और बढ़ गया। डीसीपी यातायात अली अब्बास ने बताया कि आग को बुझा दिया गया है। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात को सामान्य किया गया।
