12 हजार वर्ग मीटर जमीन पर गरजा प्राधिकरण का बुलडोजर, पक्के निर्माण ढहाए; कार्रवाई से ग्रेटर नोएडा में मचा हड़कंप
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बिसरख के डूब क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 हजार वर्ग मीटर जमीन मुक्त कराई। प्राधिकरण ने अवैध प्लाटिंग कर रहे कॉलोनाइजरों को चेतावनी दी है और लोगों से अवैध कॉलोनियों में निवेश न करने की अपील की है।
-1795865471984_m.webp)
बिसरख के डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाते प्राधिकरण के कर्मचारी। जागरण
HighLights
बिसरख के डूब क्षेत्र में प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई।
12 हजार वर्ग मीटर जमीन अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई।
अवैध प्लाटिंग करने वालों को सख्त चेतावनी जारी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बिसरख के डूब क्षेत्र में शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अतिक्रमण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कॉलोनाइजर डूब क्षेत्र में बाउंड्री बनाकर अवैध प्लाटिंग कर रहे थे। करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन मुक्त कराई गई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। अगर कोई अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कालोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाए।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की टीम अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
जमीन पर अतिक्रमण को ढहा
शुक्रवार को प्राधिकरण के वर्क सर्किल तीन के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक प्रशांत समाधिया और टीम ने बिसरख के डूब क्षेत्र के खसरा संख्या 341 और 357 की जमीन पर अतिक्रमण को ढहा दिया।
करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया। कालोनी काट रहे कॉलोनाइजरों को दोबारा अवैध निर्माण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।