विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Exclusive: हवा पर अब आठ आंखों का पहरा, ग्रेनो में 6 नए AQI मॉनिटरिंग स्टेशनों को मंजूरी; मिलेगा रियल टाइम डेटा

Published: Sun, 25 Oct 2026 03:12 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन ...और पढ़ें

ग्रेनो की हवा पर अब आठ आंखों का पहरा। जागरण

ग्रेनो की हवा पर अब आठ आंखों का पहरा। जागरण

HighLights

  1. सीएक्यूएम ने छह नए मॉनिटरिंग स्टेशन लगाने की अनुमति दी।

  2. दादरी और दनकौर में दो स्टेशन बनकर तैयार, ट्रायल जारी।

  3. कुल आठ स्टेशन रियल टाइम डेटा देंगे, निगरानी बढ़ेगी।

रंजीत मिश्रा, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने नेटवर्क विस्तार के लिए छह नए कंटीन्यूअस एंबिएंट एयर क्वालिटी मानिटरिंग स्टेशन (सीएक्यूएमएस) लगाने की अनुमति दी है। इनमें से दो स्टेशन बनकर तैयार हो गए हैं और चार पर काम चल रहा है।

मिलने लगेगा रियल टाइम डेटा

शिव नादर यूनिवर्सिटी दादरी और गौर यमुना सिटी दनकौर में वायु गुणवत्ता मानिटरिंग स्टेशन बनकर तैयार हो गए हैं। इनका ट्रायल चल रहा है और इन्हें सीएक्यूएम से जोड़ दिया गया है। एक सप्ताह के अंदर दोनों मानिटरिंग स्टेशन लाइव हो जाएंगे और वायु गुणवत्ता का रियल टाइम डेटा मिलने लगेगा।

निर्माण कार्य में विलंब हुआ

इसके अलावा पंचायतन स्थित सेंट जार्ज स्कूल और डीएमआइसी क्षेत्र में दो स्टेशन बनाने का काम तेजी से चल रहा है। जबकि गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी और आंबेडकर पार्क बादलपुर में स्टेशन बनाने की अनुमति देरी से मिलने के कारण निर्माण कार्य में विलंब हुआ है। जल्द ही इन पर भी काम शुरू कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि अभी पूरे ग्रेटर नोएडा में केवल दो मानिटरिंग स्टेशन नॉलेज पार्क-3 और नॉलेज पार्क-5 में ही संचालित हैं। बढ़ती आबादी, औद्योगिक गतिविधियों और निर्माण कार्यों के लिहाज से दो स्टेशन नाकाफी हैं।

सटीक निर्णय लेने में मिलेगी मदद 

अक्सर यह आरोप लगता रहा है कि सिर्फ दो जगह के डेटा से पूरे शहर की एयर क्वालिटी का सही आकलन नहीं हो पाता। नए छह स्टेशन बनने के बाद यह नेटवर्क 8 स्टेशनों का हो जाएगा, जिससे आबादी के लिहाज से बड़ा विस्तार होगा। इससे ग्रेप लागू होने पर क्षेत्रवार सटीक निर्णय लेने में मदद मिलेगी।

क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी विकास मिश्रा ने बताया कि मौजूदा संसाधन नाकाफी थे, इसलिए छह नए स्टेशनों को हरी झंडी मिली है। दो स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। इससे अब दादरी व दनकौर की भी मॉनिटरिंग होगी। चार स्टेशन पर काम चल रहा है। इन्हें भी जल्द ही तैयार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण से निपटने के लिए 224 एंटी स्मॉग गन तैनात, 107 वॉटर टैंकरों से हो रहा पानी का छिड़काव