विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में आवारा कुत्तों के लिए जलपुरा में बनेगा बड़ा शेल्टर होम, 1200 फीडिंग प्वाइंट भी होंगे

Published: Tue, 19 May 2026 11:24 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए जलपुरा में 500 कुत्तों की क्षमता वाला शेल्टर होम बनाया जा रहा है।

ग्रेटर नोएडा में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए जलपुरा में 500 कुत्तों की क्षमता वाला शेल्टर होम बनाया जा रहा है। इमेज एआई

ग्रेटर नोएडा में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए जलपुरा में 500 कुत्तों की क्षमता वाला शेल्टर होम बनाया जा रहा है। इमेज एआई

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर सुप्रीम कोर्ट बेहद सख्त है। ग्रेटर नोएडा में
आवारा कुत्तों को रखने के लिए जलपुरा में स्थित गोशाला में शेल्टर होम बनाया जा रहा है। इसमें 500 कुत्तों को रखने की क्षमता होगी। इसके अलावा दो और शेल्टर होम बनाए जाएंगे। कुत्तों को भोजन देने के लिए शहर में 1200 फीडिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे।

आवारा कुत्तों के आतंक से लोग परेशान हैं। सोसायटी से लेकर सड़कोंं तक आवारा कुत्तों का आतंक हैं। महिला, बुजुर्ग व बच्चों पर कुत्तोंं के हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसकी रोकथाम के लिए सुप्रीम कोर्ट सख्त दिशा निर्देश दे चुका है। इसके तहत आवारा कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण के अलावा बीमार और लोगों पर हमला करने वाले कुत्तों को शेल्टर होम में रखने के सख्त निर्देश हैं। इसे अमलीजामा पहनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण जलपुरा में शेल्टर होम बना रहा है।

4000 वर्गमीटर में बनने वाले शेल्टर होम में 500 कुत्तों को रखने की क्षमता होगी। प्रबंधक मनोज चौधरी का कहना है कि शहर में तीन शेल्टर होम बनाने की योजना है। इसके लिए जगह चिह्नित हो चुकी है। जलपुरा में गोशाला के नजदीक शेल्टर होम बनाया जा रहा है। एक माह में यह तैयार हो जाएगा।

जरूरत पर इसकी क्षमता बढ़ाई जाएगी। पव्वारी गोशाला में भी शेल्टर होम बनाया जाएगा। सेक्टर व सोसायटी में फीडिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। इसके लिए सर्वे किया जा रहा है। प्राधिकरण कुत्तोंं की बढ़ती संख्या पर नकेल लगाने के लिए नसबंदी और टीकाकरण अभियान चला रहा है। एचसीएल फाउंडेशन के सहयोग से स्वर्णनगरी में केंद्र संचालित हो रहा है।

इसमें अब तक 6000 से अधिक कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण किया जा चुका है। नसबंदी होने की पहचान के लिए कान पर कटे का निशान के साथ चिप लगाई जाती है। चिप में पूरी जानकारी होती है। सीईओ एनजी रवि कुमार का कहना है कि आवारा कुत्तों के लिए शेल्टर होम का निर्माण जल्द हो जाएगा। इसमें खतरनाक और बीमार कुत्तों को रखने की व्यवस्था होगी।

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में बढ़ रहा एनर्जी ड्रिंक का चलन, हर माह करीब 15 करोड़ का कारोबार