जर्मन शैफर्ड कुत्ते ने लैब्रा को टहला रहे युवक को काटा
हिन्दू युवा वाहिनी के महानगर संयोजक रजत शर्मा को ग्रुप कैप्टन के पालतू जर्मन शैफर्ड कुत्ते ने बुरी तरह काट कर घायल कर दिया। वह बृहस्पतिवार शाम अपने पालतू लैब्रा कुत्ते को टहला रहे थे। इसी दौरान ग्रुप कैप्टन की पत्नी भी जर्मन शैफर्ड कुत्ते को टहलाते हुए आ गईं। आरोप है कि जर्मन शैफर्ड ने पहले लैब्रा पर पहले हमला किया और बाद में उन पर हमला कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली सेक्टर-24 में महिला के खिलाफ शिकायत दी है।
जागरण संवाददाता, नोएडा :
हिन्दू युवा वाहिनी के महानगर संयोजक रजत शर्मा को ग्रुप कैप्टन के पालतू जर्मन शैफर्ड कुत्ते ने बुरी तरह काट कर घायल कर दिया। वह बृहस्पतिवार शाम अपने पालतू लैब्रा कुत्ते को टहला रहे थे। इसी दौरान ग्रुप कैप्टन की पत्नी भी जर्मन शैफर्ड कुत्ते को टहलाते हुए आ गईं। आरोप है कि जर्मन शैफर्ड ने पहले लैब्रा पर हमला किया और बाद में उन पर हमला कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली सेक्टर-24 में महिला के खिलाफ शिकायत दी है।
चौड़ा गांव निवासी रजत शर्मा हिन्दू युवा वाहिनी के महानगर संयोजक हैं। उनके पास एक लैब्रा कुत्ता है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे वह लैब्रा कुत्ते को सेक्टर-22 व 24 की सड़क पर टहलाते हुए एडोब की तरफ जा रहे थे। सेक्टर-22 में रहने वाले ग्रुप कैप्टन की पत्नी अपने पालतू कुत्ते जर्मन शैफर्ड को दूसरी लेन पर टहला रही थीं। जर्मन शैफर्ड अचानक दौड़ कर आया और उनके लैब्रा कुत्ते की गर्दन पकड़ कर काटने लगा। उन्होंने अपने कुत्ते को बचाने की कोशिश की। इस पर जर्मन शैफर्ड ने उन पर हमला कर दिया। उसने उनके दाएं हाथ को मुंह से पकड़ लिया और करीब तीन मिनट तक काटते रहा। उनके हाथ में कुत्ते के दांत से 5 मिलीमीटर के कई गड्ढे हो गए हैं।
----
महिला पर कुत्ते को छोड़ने का आरोप
रजत शर्मा का आरोप है कि महिला ने अपने कुत्ते को उनके पास आने से नहीं रोका, बल्कि उसने जानबूझ कर छोड़ दिया। जब उनका कुत्ता काटने लगा, तब वह वहां से भाग कर अपने घर चली आईं। कुछ राहगीरों ने शोर मचा कर जर्मन शैफर्ड कुत्ते को वहां से भगाया।
----
दो बार पहले भी कर चुका है हमला
रजत का कहना है कि महिला का जर्मन शैफर्ड कुत्ता पहले भी दो बार उन पर और उनके लैब्रा पर हमला कर चुका है। कुछ अन्य लोगों को भी काटने का प्रयास कर चुका है। वे महिला से अपने कुत्ते के मुंह पर मास्क लगाकर टहलाने की सिफारिश भी कर चुके हैं।
----
- दोनों पक्ष अपने-अपने कुत्ते सड़क पर टहला रहे थे। इसी दौरान यह घटना हुई है। युवक की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। पीड़ित को कुत्ते ने कई जगह काटा हुआ है। पुलिस जांच कर रही है।
- रामफल, प्रभारी, कोतवाली सेक्टर-24