पुरानी गाड़ियों की स्क्रैपिंग में गाजियाबाद नंबर-1, नोएडा का दूसरा स्थान; 4 जिलों में 2037 गाड़ियां स्क्रैप
एनसीआर में पुराने वाहनों को स्क्रैप करने की मुहिम तेज है, जिसमें गौतमबुद्ध नगर गाजियाबाद से पीछे रह गया है। ...और पढ़ें

एनसीआर में यूपी के चार जिलों में बुलंदहशर सबसे पीछे। फोटो: आर्काइव
HighLights
गौतमबुद्ध नगर वाहन स्क्रैपिंग में गाजियाबाद से पिछड़ा
एनसीआर में 2037 आयु पूरी कर चुके वाहन स्क्रैप
पुराने डीजल-पेट्रोल वाहनों की सघन जांच कर रहा परिवहन विभाग
जागरण संवाददाता, नोएडा। आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों को सड़क से हटाने की मुहिम के बीच नोएडा वाहन स्क्रैपिंग के मामले में गाजियाबाद से पीछे है।
एनसीआर से सटे जिलों में अब तक 2037 आयु पूरी कर चुके वाहन स्क्रैप कराए गए हैं। इनमें गाजियाबाद में सबसे ज्यादा 704 और गौतमबुद्ध नगर में 618 वाहन स्क्रैप हुए हैं।
चार जिलों में 2037 वाहन स्क्रैप
परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार गाजियाबाद में 704 वाहनों को स्क्रैप किया गया है। इसके बाद गौतमबुद्ध नगर में 618 वाहन स्क्रैप हुए हैं। हापुड़ में 429 और बुलंदशहर में 286 वाहनों को स्क्रैप किया गया है।
इस तरह चार जिलों में कुल 2037 आयु पूरी कर चुके वाहनों को स्क्रैप कराया जा चुका है। वाहन स्क्रैपिंग के मामले में गौतमबुद्ध नगर दूसरे स्थान पर है।
| जिला | स्क्रैप हुए वाहन |
|---|---|
| गाजियाबाद | 704 |
| गौतमबुद्ध नगर | 618 |
| हापुड़ | 429 |
| बुलंदशहर | 286 |
| कुल | 2037 |
पुराने वाहनों की जांच हुई तेज
परिवहन आयुक्त के पांच सितंबर को जारी निर्देशों के बाद एनसीआर में 10 साल से पुराने डीजल और 15 साल से पुराने पेट्रोल वाहनों की सघन जांच शुरू की गई है। प्रवर्तन टीमें प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों, व्यावसायिक क्षेत्रों और पार्किंग स्थलों पर वाहनों की जांच कर रही हैं।
जांच के दौरान वाहन का पंजीकरण, प्रथम पंजीकरण की तारीख, ईंधन का प्रकार और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है।
सत्यापन के बाद हो रही कार्रवाई
आरटीओ प्रवर्तन गाजियाबाद संभाग के डाॅ. सियाराम वर्मा ने बताया कि संदिग्ध वाहनों का विवरण वाहन पोर्टल और उपलब्ध अभिलेखों से सत्यापित किया जा रहा है। सत्यापन के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
परिवहन विभाग ने स्क्रैप सेंटर संचालकों के साथ बैठक भी की है। इसमें वाहनों की प्राप्ति, उन्हें सुरक्षित रखने और तय प्रक्रिया के तहत स्क्रैपिंग को लेकर योजना बनाई जा रही है।
पकड़े जाने पर स्क्रैप सेंटर भेजेंगे
परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों का संचालन बिल्कुल न करें। ऐसे वाहन जांच के दौरान पकड़े जाने पर उन्हें स्क्रैप सेंटर भेजा जाएगा। विभाग की ओर से पुराने वाहनों की जांच और स्क्रैपिंग की कार्रवाई को आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
