विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक अलर्ट, गौड़ चौक पर एक महीने तक रूट डायवर्जन; दीवाली तक खुलेगा अंडरपास

Published: Fri, 04 Sep 2026 09:47 PM (IST)Updated: Sat, 05 Sep 2026 11:38 AM (IST)

ग्रेटर नोएडा के गौड़ चौक पर अंडरपास के ऊपर सड़क निर्माण के कारण एक महीने तक ट्रैफिक प्रभावित रहेगा, जिससे दीपावली तक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

अंडरपास को दीवाली तक खोलने की दिशा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने काम तेज करने की तैयारी की है।

अंडरपास को दीवाली तक खोलने की दिशा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने काम तेज करने की तैयारी की है।

HighLights

  1. गौड़ चौक पर सड़क निर्माण के कारण एक माह ट्रैफिक प्रभावित

  2. दीपावली तक अंडरपास खुलने से जाम से बड़ी राहत की उम्मीद

  3. हिंडन पुल पर भी मिलिंग तकनीक से सड़क बनाने का कार्य जारी

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। गौड़ चौक पर जाम से राहत के लिए तैयार किए जा रहे अंडरपास को दीवाली तक खोलने की दिशा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने काम तेज करने की तैयारी की है।

अंडरपास के ऊपर की खराब हो चुकी 130 मीटर सड़क को दोबारा बनाया जाएगा। इसके लिए सोमवार से निर्माण शुरू होगा और करीब एक महीने तक यहां ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।

अंडरपास खुलने से मिलेगी जाम से राहत

प्राधिकरण का दावा है कि दीवाली तक अंडरपास खोलने से गौड़ चौक पर जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलेगी। इसके लिए अंडरपास के ऊपर की सड़क का पुनर्निर्माण जरूरी है, क्योंकि 130 मीटर हिस्से की सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है।

शुक्रवार को छुट्टी के दिन सड़क निर्माण के लिए ट्रायल किया गया। पर्थला से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की तरफ जाने वाली सड़क पर प्राधिकरण और ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग कराई। पांच में से केवल दो लेन में ट्रैफिक चलने से दिनभर वाहन रेंगते रहे।

सोमवार से चरणबद्ध तरीके से होगा काम

अधिकारियों के अनुसार, सोमवार से सड़क के दोनों ओर 25-25 मीटर चौड़ाई में निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। पहले 15 दिन में एक तरफ की लेन पर काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद अगले 15 दिन में बची हुई दो-दो लेन पर निर्माण किया जाएगा।

इस तरह करीब एक महीने तक गौड़ चौक के आसपास ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है। प्राधिकरण का लक्ष्य सड़क निर्माण का काम पूरा कर अंडरपास को दीवाली तक खोलना है।

हिंडन पुल पर भी साथ चल रहा सड़क निर्माण

गौड़ चौक अंडरपास के ऊपर सड़क निर्माण के साथ हिंडन पुल पर भी मिलिंग तकनीक से सड़क बनाने का काम चल रहा है। इसमें सड़क की खराब सतह को हटाकर उसी गिट्टी को रीसाइकिल कर दोबारा इस्तेमाल किया जाएगा।

इससे पुल पर अतिरिक्त लोड कम होगा और ज्वाइंट स्पैन के बिटुमिन लेयर के नीचे दबने से होने वाली खराबी से भी बचाव होगा।

ट्रैफिक पुलिस ने दोनों काम साथ पूरा करने को कहा

ट्रैफिक पुलिस ने प्राधिकरण से दोनों निर्माण कार्य एक साथ पूरा करने को कहा है, ताकि लोगों को बार-बार ट्रैफिक प्रतिबंध और जाम की परेशानी न झेलनी पड़े।

निर्माण कार्य पूरा होने और अंडरपास खुलने के बाद गौड़ चौक पर यातायात का दबाव कम होने तथा लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- नोएडा में घर खरीदारों से फ्रॉड करने वाले बिल्डर के खिलाफ CBI ने कोर्ट में पेश की 19वीं चार्जशीट!