ग्रेटर नोएडा के गौड़ चौक अंडरपास का ट्रायल जारी, ढाई लाख वाहनों को मिली जाम से राहत; अब लाइटिंग पर होगा काम
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ चौक अंडरपास का ट्रायल रन जारी है, जिससे वाहन चालकों को जाम से बड़ी राहत मिली है।

ग्रेटर नोएडा के गौड़ चौक पर बना अंडरपास। फोटो-दैनिक जागरण
HighLights
गौड़ चौक अंडरपास का ट्रायल रन जारी, जाम से राहत।
चार दिनों में ढाई लाख से अधिक वाहन गुजरे।
लाइटिंग और घास लगाने का काम अभी बाकी है।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ चौक (किसान चौक) अंडरपास का ट्रायल रन सोमवार को भी जारी रहा। प्राधिकरण ने इसका ट्रायल 5 नवंबर से 8 नवंबर तक करने के लिए कहा था और इसके बोर्ड भी लगवाए गए थे।लेकिन सोमवार को भी वाहन चालक अंडरपास से फर्राटा भरते हुए निकलते रहे।
ट्रायल में ही वाहन चालकों को जाम से बड़ी राहत मिली है। इससे साफ है कि अंडरपास पूरी तरह शुरू होने के बाद गौड़ चौक की तस्वीर ही बदल जाएगी। प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक पिछले चार दिनों में ट्रायल के दौरान करीब ढाई लाख गाड़ियां गुजरी।
अंडरपास में लाइटिंग की कमी
इस दौरान अंडरपास में लाइटिंग की कमी महसूस हुई और धूल अधिक उड़ने के कारण दोनों किनारों में घास लगाने का फैसला किया गया। परियोजना विभाग के मुताबिक फिलहाल तीन-चार दिन के लिए ट्रायल का समय और बढ़ा दिया गया है। इसके बाद लाइटिंग और घास का काम अंडरपास में किया जाएगा।
92 करोड़ रुपये की लागत से बना 6 लेन अंडरपास
बता दें कि, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने करीब 92 करोड़ रुपये की लागत से छह लेन का अंडरपास बनाया है। यह करीब 700 मीटर लंबा अंडरपास है। इसके अलावा चौराहे के पास दो यूटर्न भी विकसित किए गए हैं। बृहस्पितवार को इसका ट्रायल शुरू हुआ था। ट्रायल शुरू होते ही गौड़ चौक पर लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिली है।
पहले जहां लोगों को चौराहा पार करने में 20 से 30 मिनट लग जाते थे, अब वह कुछ ही मिनट में पार हो रहा है। इसका फायदा सिर्फ ग्रेनो वेस्ट की सोसायटियों को ही नहीं मिलेगा, बल्कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के निवासियों को भी मिलेगा।
रोज का सफर होगा आसान
ग्रेनो वेस्ट में लाखों लोग रहते हैं और रोजाना नौकरी, स्कूल और अन्य कामों के लिए नोएडा-दिल्ली जाते हैं। गौड़ चौक उनके रास्ते का सबसे बड़ा जाम प्वाइंट था। अब अंडरपास से उनका रोज का सफर आसान होगा, समय बचेगा और पेट्रोल-डीजल की भी बचत होगी।
जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह का कहना है कि अंडरपास अभी ट्रायल रन पर है। इसके समय को तीन-चार दिन और बढ़ाया गया है। उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ट्रायल के दौरान अंडरपास में पानी भरने, लाइट, साइनेज और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।