गौड़ चौक अंडरपास का इंतजार खत्म, आज से तीन दिवसीय ट्रायल शुरू
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौड़ चौक अंडरपास का तीन दिवसीय ट्रायल आज से शुरू हो गया है, जिससे लाखों लोगों ...और पढ़ें

गौड़ चौक अंडरपास का इंतजार खत्म (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
गौड़ चौक अंडरपास का तीन दिवसीय ट्रायल आज से शुरू।
लाखों वाहन चालकों को भीषण जाम से मिलेगी बड़ी राहत।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 नवंबर को कर सकते हैं उद्घाटन।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों का लंबा इंतजार खत्म होने जा रहा है। करीब 700 मीटर लंबे गौड़ चौक (किसान चौक) अंडरपास को पांच नवंबर से तीन दिन के ट्रायल के तौर पर खोला जाएगा।
4 फरवरी 2025 से इस पर काम शुरू किया गया। समयावृद्धि के बाद इसे 4 दिसंबर 2026 को पूरा करना था, लेकिन 4 नवंबर 2026 को काम पूरा कर लिया गया।
हर कमी को किया जाएगा दूर
ट्रायल में सुरक्षा, साइनेज, लाइटिंग, जल निकासी और ट्रैफिक प्रबंधन की पूरी जांच ट्रैफिक पुलिस और प्राधिकरण की टीम की मौजूदगी में की जाएगी।
ट्रायल के दौरान जो भी कमी आएगी, उसे ठीक करने के बाद जनता के लिए स्थायी रूप से खोला जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि 12 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों इसे आम जनता को समर्पित किया जा सकता है। वाहन चालकों से ट्रायल के दौरान सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
जाम का सबसे बड़ा प्वाइंट था गौड़ चौक
गौड़ चौक से होकर रोज करीब पांच से छह लाख वाहन गुजरते हैं। इस वजह से यहां पर लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई थी। चार मूर्ति गोलचक्कर, किसान चौक, एक मूर्ति गोलचक्कर और नोएडा की ओर जाने वाले वाहनों का दबाव इस चौक पर रहता है।
सुबह-शाम पीक आवर में यहां लंबा जाम लगता था, जिससे लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती थी। अंडरपास शुरू होने के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच ग्रेटर नोएडा ईस्ट, गाजियाबाद, विजयनगर, नोएडा व दिल्ली की तरफ सीधी आवाजाही आसान हो जाएगी। तीन दिवसीय ट्रायल सफल रहा तो रोज की जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
पेंटिंग से सजाकर बनाया गया है खूबसूरत
अंडरपास के अंदर की दीवारों पर रंग-बिरंगी पेंटिंग बनाई गई हैं। इनमें भगवान बुद्ध के साथ ही प्राकृतिक दृश्यों को भी दीवारों पर उकेरा गया है। इससे अंडरपास से गुजरने वाले लोगों को एक अलग अहसास होगा। यह अंडरपास सिर्फ यातायात का साधन नहीं, बल्कि शहर की पहचान भी बनेगा।
87 करोड़ का अनुमानित लागत
गौड़ चौक अंडरपास के निर्माण पर प्राधिकरण ने करीब 87 करोड़ रुपये खर्च किया है। आधिकारियों के अनुसार इस परियोजना की स्वीकृत विचलन सहित कुल लागत 83 करोड़ 60 लाख 29 हजार 593 रुपये है, जबकि संभावित विचलन के बाद कुल लागत 87 करोड़ 5 लाख 31 हजार 972 रुपये तक पहुंच गई। ये सभी राशियां जीएसटी और लेबर सेस के बिना हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने कहा कि अंडरपास का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फिनिशिंग का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। अंडरपास के शुरू होने से गौड़ सिटी और आसपास की सोसायटियों के लाखों लोगों को रोज लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी
अंडरपास निर्माण को लेकर कब क्या हुआ
काम का नाम : 60 मीटर रोड पर गौड़ चौक अंडरपास
निर्माण का मोड : इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी मोड)
रखरखाव की जिम्मेदारी : 5 साल की डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड के साथ मेंटेनेंस भी शामिल
लोगों को क्या फायदा होगा
जाम से मुक्ति : गौड़ चौक पर रोज लगने वाला 30 से 45 मिनट का जाम खत्म होगा। नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट और चार मूर्ति की ओर जाने वाले वाहन बिना रुके निकल सकेंगे।
समय और ईंधन की बचत: जाम में फंसने से रोज बर्बाद होने वाला समय और ईंधन बचेगा।
एंबुलेंस और स्कूल बसों को राहत : इमरजेंसी वाहनों को रास्ता मिलेगा, बच्चों को स्कूल पहुंचने में देरी नहीं होगी।
प्रदूषण में कमी : जाम में खड़े वाहनों से होने वाला धुआं और प्रदूषण कम होगा।
व्यापार को बढ़ावा : गौड़ सिटी, गौड़ चौक और आसपास के बाजारों में आवाजाही आसान होने से व्यापार बढ़ेगा।
सुरक्षा : गौड़ चौक पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी, पैदल चलने वालों को भी सुरक्षित रास्ता मिलेगा।
यह भी पढ़ें- यूपी में पंचायत वोटर लिस्ट के सहारे विधानसभा मतदाता सूची में जुड़ेंगे छूटे हुए नाम, चुनाव आयोग ने तैयार किया प्लान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।