ग्रेटर नोएडा से जुड़ेगा गंगा एक्सप्रेसवे, 74.5 किमी के 'गंगा लिंक' को मंजूरी; फिल्म सिटी के पास होगी एंट्री
प्रदेश कैबिनेट ने गंगा लिंक एक्सप्रेसवे की निर्माण एजेंसी के चयन को मंजूरी दे दी है, जो गंगा व यमुना ...और पढ़ें

यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा गंगा लिंक एक्सप्रेसवे। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। गंगा व यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए प्रस्तावित गंगा लिंक एक्सप्रेसवे की निर्माण एजेंसी के चयन को प्रदेश कैबिनेट ने अपनी मंजूरी दे दी है।
लिंक एक्सप्रेसवे के लिए यमुना प्राधिकरण अपने अधिसूचित क्षेत्र में 92 प्रतिशत जमीन किसानों की सहमति से क्रय कर चुका है, लेकिन एक्सप्रेसवे के एलाइन्मेंट में कुछ गांवों में आबादी के कारण जमीन मिलने में अड़चन आ रही है। इसलिए अधिग्रहण कानून से जमीन ली जाएगी।
8,586 करोड़ की लागत से बनेगा एक्सप्रेसवे
74.5 किमी लंबा लिंक एक्सप्रेसवे 8,586 करोड़ की लागत से बनेगा। यमुना एक्सप्रेसवे पर फिल्म सिटी सेक्टर 21 के नजदीक जुड़ेगा। इसकी मुख्य सड़क की चौड़ाई 80 मीटर व दोनों ओर सर्विस रोड मिलाकर कुल चौड़ाई 130 मीटर होगी।
यीडा व बुलंदशहर में लिंक एक्सप्रेसवे के दो पैकेज में बनाया जाएगा। एक्सप्रेसवे को इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी मोड) पर बनाया जाएगा।
आबादी के कारण जमीन खरीदने में अड़चन
लेकिन यीडा क्षेत्र में जमीन को लेकर पेच फंस गया है। रबूपुरा व बुलंदशहर के यीडा अधिसूचित कपना गांव में एक्सप्रेसवे के एलाइन्मेंट में कुछ आबादी आ रही है।
मकान मालिकों की सहमति न मिलने के कारण एक्सप्रेसवे की आठ प्रतिशत जमीन खरीद नहीं हो पा रही है। इस पेच को सुलझाने के लिए जमीन अधिग्रहण कानून का सहारा लिया जाएगा।
यीडा एसीईओ राजेश कुमार सिंह का कहना है कि यीडा क्षेत्र में 92 प्रतिशत व बुलंदशहर जिले में भी सत्तर प्रतिशत जमीन लिंक एक्सप्रेसवे के लिए क्रय हो चुकी है।
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा PNB में 35 करोड़ का बड़ा गबन, मैनेजर समेत 5 सस्पेंड; बिना बताए तोड़ दीं दर्जनों FD
