नोएडा में रक्षा मंत्रालय के पूर्व अधिकारी को आवारा कुत्ते ने 13 जगह काटा, पत्नी के सामने जान बचाने को छटपटाते रहे
दनकौर में रक्षा मंत्रालय के पूर्व अधिकारी डॉ. दीर्घ नारायण को एक आवारा कुत्ते ने 13 स्थानों पर काटकर गंभीर ...और पढ़ें

रक्षा मंत्रालय के पूर्व अधिकारी को कुत्ते ने 20 जगह काटा।
HighLights
पूर्व रक्षा अधिकारी को आवारा कुत्ते ने 13 जगह काटा।
घायल अधिकारी ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती।
यमुना प्राधिकरण पर कार्रवाई न करने का आरोप।
संवाद सहयोगी, दनकौर। क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिस कारण लोगों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार को दनकौर क्षेत्र स्थित एक सोसायटी में रक्षा मंत्रालय के पूर्व अधिकारी (आर्मी कमांडर अवार्ड से सम्मानित) को आवारा कुत्ते ने 13 स्थानों पर काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल का ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी के सामने कुत्ता उन पर झपट पड़ा। कुत्ते से बचने के लिए काफी प्रयास करते रहे, लेकिन असफल रहे। उन्होंने बताया कि सोसायटी के लोगों ने आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए यमुना प्राधिकरण कार्यालय में कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। पीड़ित द्वारा दनकौर पुलिस से मामले की शिकायत की गई है।
1977 बैच के सिविल अधिकारी हैं पीड़ित
पीड़ित डॉ. दीर्घ नारायण ने बताया कि वह 1977 बैच के सिविल अधिकारी हैं। 27 वर्षों तक रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत कई संवेदनशील मामलों का निष्पादन किया। इसके लिए उन्हें तीन बार आर्मी कमांडर अवार्ड से सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रधानमंत्री अवार्ड से भी दो बार नामित किया जा चुका है।
डॉ. दीर्घ ने बताया कि दो माह पहले ही पत्नी के साथ दनकौर क्षेत्र में यमुना प्राधिकरण के सेक्टर 25 स्थित अजनारा पैनोरमा सोसायटी में निवास करने आए हैं। सोसायटी में पहले से ही लगभग 50 परिवार निवास कर रहे हैं। उनका कहना है कि सोसायटी में आवारा कुत्तों की भरमार है, जिसकी शिकायत कई बार यमुना प्राधिकरण कार्यालय में की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
आवारा कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया
शुक्रवार को वह अपनी पत्नी के साथ सोसायटी में टहल रहे थे इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया। वह कुत्ते के हमले से बचने के लिए छटपटाते रहे, लेकिन कुत्ता लगातार काटता रहा। इस दौरान उन्हें हमले से बचाने के लिए पत्नी चीखती रही और लगातार कोशिश करती रहीं, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी।
आवारा कुत्ते ने उन्हें 13 स्थानों पर काटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित स्वजन द्वारा दनकौर पुलिस से मामले की शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
सोसायटी के लोगों का कहना है कि यमुना प्राधिकरण द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे लोग आवारा कुत्तों के कारण डर के साये में जीने को मजबूर हैं।
लगातार बढ़ रहे कुत्तों के हमले
28 मार्च को क्षेत्र के नवादा गांव में आवारा कुत्ते ने चार महिलाओं समेत पांच लोगों को काटकर घायल कर दिया था। 29 मार्च को भी कई लोगों पर हमला किया गया। पिछले मंगलवार को भी क्षेत्र के सलारपुर गांव में नौ वर्षीय बच्ची को विदेशी नस्ल के कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया।
कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना औसतन 100 से अधिक लोग रेबीज के इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं। मार्च के प्रथम सप्ताह में बीटा एक सेक्टर में महिला को कुत्तों ने काट लिया था। जिससे महिला की मौत हो गई थी।
यीडा क्षेत्र के लिए डॉग शेल्टर बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए निविदा जारी हो चुकी है। डाग शेल्टर में करीब चार से पांच हजार कुत्तों को रखने की क्षमता होगी। -शैलेंद्र भाटिया, एसीईओ यमुना प्राधिकरण
यह भी पढ़ें- सीमा हैदर ने छठे बच्चे का रखा ऐसा नाम, सुनकर पाकिस्तान को लग सकती है मिर्ची
