AAP के पूर्व विधायक नरेश बालियान को मिली राहत, दो साल पुराने रंगदारी केस में मिली क्लीन चिट
Naresh Balyan Case: राउज एवेन्यू कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक नरेश बालियान को रंगदारी मामले में आरोपमुक्त कर दिया है। अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष गिरोह से संबंध नहीं बता सका।

राउज एवेन्यू कोर्ट ने रंगदारी मामले में आप के पूर्व विधायक नरेश बालियान को आरोपमुक्त कर दिया है। फाइल फोटो
HighLights
पूर्व आप विधायक नरेश बालियान रंगदारी मामले में आरोपमुक्त।
राउज एवेन्यू कोर्ट ने अभियोजन साक्ष्य अपर्याप्त पाए।
गैंगस्टर कपिल सांगवान गिरोह से संबंध स्थापित नहीं हुआ।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राउज एवेन्यू कोर्ट ने रंगदारी मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व विधायक नरेश बालियान को आरोपमुक्त कर दिया है। अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष प्रथम दृष्टया यह स्थापित करने में विफल रहा कि बालियान का गैंग्स्टर कपिल सांगवान द्वारा संचालित रंगदारी गिरोह से कोई संबंध था।
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पारस दलाल ने अपने आदेश में कहा कि जुलाई 2023 में मामला दर्ज होने के बावजूद जांच के दौरान ऐसा कोई पर्याप्त साक्ष्य सामने नहीं आया, जिससे यह साबित हो सके कि बालियान रंगदारी रैकेट का हिस्सा थे या उन्होंने उसमें कोई भूमिका निभाई थी।
अदालत ने कहा कि केवल संदेह के आधार पर किसी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। रिकार्ड पर उपलब्ध सामग्री आरोप तय करने के लिए आवश्यक प्रथम दृष्टया मानक को पूरा नहीं करती। इसी आधार पर अदालत ने नरेश बालियान को मामले से आरोपमुक्त कर दिया।