यीडा के मेडिकल डिवाइस पार्क में निवेश करेगा फिनलैंड? कंपनी ने अधिकारियों से की चर्चा
फिनलैंड की कंपनी ऑप्टिनोवा एशिया पैसिफिक ने यमुना प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की है। अधिकारियों ने उन्हें निवेश-अनुकूल माहौल की जानकारी दी।

यमुना प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में निवेश के लिए फिनलैंड ने दस्तक दी है। एआई इमेज
HighLights
फिनलैंड की ऑप्टिनोवा कंपनी ने यीडा में निवेश पर चर्चा की।
मेडिकल डिवाइस पार्क में निवेश की संभावनाओं पर विशेष जोर।
यीडा के निवेशक-अनुकूल माहौल और इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना की।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में निवेश के लिए फिनलैंड ने दस्तक दी है। फिनलैंड आप्टिनोवा एशिया पैसिफिक कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को यीडा अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने यीडा क्षेत्र में औद्योगिक निवेश के लिए पालिसी, इन्फ्रास्ट्रक्चर आदि की जानकारी ली। सीईओ और एसीईओ के साथ हुई बैठक में सेक्टर 28 में विकसित हो रहे प्रदेश के पहले मेडिकल डिवाइस पार्क निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।
औद्योगिक भूखंड तथा निवेश की संभावना
प्रतिनिधिमंडल ने यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह और एसीईओ शैलेंद्र भाटिया से बैठक के दाैरान एसीईओ ने प्रतिनिधिमंडल के समक्ष मेडिकल डिवाइस पार्क को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्हें उद्योगों के लिए विकसित ईको सिस्टम की जानकारी दी। औद्योगिक भूखंडों तथा निवेश की संभावनाओं की जानकारी दी।
कौन-कौन सी दी जाएगी सुविधा?
यीडा क्षेत्र में नोएडा एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी, फ्रेट एवं मल्टीमाडल परिवहन नेटवर्क के बारे में बताने के साथ जानकारी दी कि एयरपोर्ट के आसपास मेडिकल डिवाइस पार्क के अलावा इलेक्ट्रानिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, अपैरल पार्क, टाॅय पार्क, एमएसएमई पार्क और हैंडीक्राफ्ट पार्क सहित कई औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं।
निवेशकों को पसंद आया माहौल
मेडिकल टेक्नोलाजी निर्माण, औद्योगिक भूमि, इंफ्रास्ट्रक्चर व तकनीक आधारित विनिर्माण इकाइयों की स्थापना की जानकारी दी। एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि आप्टिनोवा के प्रतिनिधिमंडल ने यीडा क्षेत्र की रणनीतिक स्थिति, आधारभूत ढांचे और निवेशक-अनुकूल वातावरण की सराहना की और निवेश में रुचि व्यक्त की।
मेडिकल डिवाइस पार्क के साथ एमएसएमई उद्योगों को लेकर भी चर्चा हुई है। प्रतिनिधिमंडल में बोर्ड की चेयरपर्सन लुईस निकोलिन, चीफ टेक्नोलॉजी अफसर एंड्रियास, वाइस प्रेसिडेंट एपीएसी सुकित, इंडिया कंट्री मैनेजर विजय ठाकुर, एप्लीकेशन इंजीनियर शिंटो सेबेस्टियन शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- नोएडा में खाने-पीने के शौकीनों के लिए खुशखबरी, '56 दुकान' की तर्ज पर 24 घंटे खुलेंगे दो बाजार
यह भी पढ़ें- नोएडा में रैपिडो राइडर ने महिला ग्राहक 'आई लव यू' मैसेज भेजकर कहा- जहां शिकायत करनी हो कर दो; केस दर्ज
