नोएडा एयरपोर्ट-एक्सप्रेसवे रूट पर नई लेन का काम शुरू, 1 लाख से अधिक यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
ग्रेटर नोएडा में नटों की मढ़ैया गोलचक्कर से कासना टी-प्वाइंट तक डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क पर एक अतिरिक्त लेन बनाई ...और पढ़ें

नटों की मढ़ैया से कासना मार्ग पर अतिरिक्त लेन का निर्माण का काम करते श्रमिक। फोटो: जागरण
HighLights
डेढ़ किमी लंबी अतिरिक्त लेन का निर्माण शुरू
नटों की मढ़ैया से कासना तक सड़क चौड़ीकरण
जेवर एयरपोर्ट व जीबीयू रूट पर सफर आसान
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर-कासना रोड पर नटों की मढ़ैया गोलचक्कर से कासना टी-प्वाइंट तक लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस व्यस्त स्ट्रेच पर अतिरिक्त लेन बनवा रहा है। इस मार्ग से रोज एक लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं, जिनमें आवासीय सेक्टरों के वाहनों के साथ औद्योगिक क्षेत्रों के मालवाहक वाहन और रोडवेज बसें भी शामिल हैं।
डेढ़ किमी सड़क पर बढ़ेगी क्षमता
यह मार्ग 80 मीटर चौड़ा है, लेकिन मौजूदा ट्रैफिक दबाव के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है। खासकर पीक आवर्स में वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
प्राधिकरण ने सड़क की क्षमता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त लेन बनाने का निर्णय लिया है। इस प्रोजेक्ट का काम हाल में अवार्ड किया गया था और अब काम शुरू कर दिया गया है।
एक लाख से अधिक वाहन रोज गुजरते
नटों की मढ़ैया गोलचक्कर से कासना टी-प्वाइंट तक के मार्ग पर रोज करीब एक लाख से अधिक वाहन चालकों की आवाजाही होती है। इनमें आवासीय सेक्टरों के निवासी और औद्योगिक सेक्टरों में आने-जाने वाले मालवाहक वाहन शामिल हैं।
यूपी रोडवेज की ग्रेटर नोएडा डिपो की बसें भी इसी मार्ग से गुजरती हैं। ऐसे में अतिरिक्त लेन बनने से बड़ी संख्या में वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे का दबाव बढ़ा
इस मार्ग पर गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय, डीएमआईसी इंटीग्रेटेड टाउनशिप, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
इसके अलावा कासना औद्योगिक क्षेत्र और आसपास की कई आवासीय सोसायटियों के लोग भी इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं। बढ़ते वाहनों के कारण इस मार्ग पर पीक आवर्स में जाम की समस्या बनी रहती है।
समय और ईंधन दोनों बचेंगे
प्राधिकरण के जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह ने बताया कि अतिरिक्त लेन बनने से सड़क की क्षमता बढ़ेगी और वाहनों की आवाजाही सुगम होगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और ईंधन की खपत भी कम होगी।
उन्होंने बताया कि लंबे समय से सड़क पर जाम की समस्या बनी हुई थी। अतिरिक्त लेन बनने के बाद वाहन चालकों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- नोएडा में ई-सिटी बसों का बदलेगा रूट, Noida Airport समेत 20 मार्गों का सर्वे शुरू; घाटे वाले रास्ते होंगे बंद
